पिण्डवाड़ा, राजस्थान ।

​पिंडवाड़ा: अंबेडकर हस्तशिल्प विकास योजना के तहत पत्थर शिल्पकारों को मिले 50 उन्नत टूलकिट
​पिंडवाड़ा। भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय (विकास आयुक्त-हस्तशिल्प) की ‘अंबेडकर हस्तशिल्प विकास योजना’ के अंतर्गत आज स्थानीय होटल मातेश्वरी में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के 50 कुशल पत्थर शिल्पकारों को उन्नत टूलकिट का वितरण किया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन मैसर्स पिंडवाड़ा हस्तशिल्प प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा किया गया।
​समारोह के मुख्य अतिथि पिंडवाड़ा-आबू विधायक समाराम गरासिया ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला मंत्री जितेंद्र प्रजापत, पूर्व मंडल अध्यक्ष व जिला कार्यकारिणी सदस्य महावीर यती, हस्तशिल्प सेवा केंद्र उदयपुर के हस्तशिल्प संवर्धन अधिकारी ईश्वर चंद, प्रोड्यूसर कंपनी के निदेशक गजेंद्र कुमार, भरत भाई मालवीय, गुमान सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता अशोक महावर उपस्थित रहे।
​विधायक समाराम गरासिया ने शिल्पकारों को संबोधित करते हुए कहा कि “केंद्र सरकार की यह योजना शिल्पकारों के जीवन में मील का पत्थर साबित होगी। आधुनिक उपकरणों से न केवल काम की गुणवत्ता बढ़ेगी, बल्कि समय की भी बचत होगी।” विधायक ने शिल्पकारों के स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता के विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की और विश्वास दिलाया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा।
​हस्तशिल्प संवर्धन अधिकारी ईश्वर चंद ने विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी दी। अंत में प्रोड्यूसर कंपनी के निदेशकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Share.
Leave A Reply