
माउण्ट आबू/ राजस्थान ।
समाज को जगाने का कार्य करती है मीडिया की शक्ति – सांसद बराला
अध्यात्म का गहराई से अनुभव करें मीडियाकर्मी
ज्ञान सरोवर में मीडियाकर्मियों का तीन दिवसीय सम्मेलन आरंभ
माउंट आबू,01 मई।
हरियाणा राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि मीडिया की शक्ति समाज को जगाने का कार्य करती है। भारतीय मीडिया का परिदृश्य मूल्यों से ओतप्रोत होने पर ही विश्व में शांति की स्थापना की जा सकती है। जिसके लिए मीडियाकर्मियों को निरंतर आध्यात्मिकता के मंच से जुड़े रहने के साथ उसकी गहन अनुभूति के लिए जागरूक होने की आवश्कता है। विश्व जहां अशांति की आग में झुलस रहा है वहीं ब्रह्माकुमारी संगठन विश्व भर में पुरातन भारतीय संस्कृति की शक्ति का प्रकाश बिखेरते हुए वैश्विक शांति के बीज रोपने में अहम भूमिका अदा कर रहा है। यह बात उन्होंने शुक्रवार को ब्रह्माकुमारी संगठन के मीडिया प्रभाग की ओर से वैश्विक शांति की आवश्यकता-मीडिया की भूमिका विषय पर आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन के उदघाटन सत्र में कही।
विश्व को प्रकाश देने का कार्य करते हैं पत्रकार
ब्रह्माकुमारी संगठन की संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी सुदेश दीदी ने कहा कि पत्रकार विश्व को प्रकाश देने का कार्य करते हैं। वन गॉड, वन वल्र्ड, वन फेमली की स्थापना करने का कार्य भारत से ही हो रहा है। सबके संस्कारों में शांति की शक्ति है। शांति की गहरी अनुभूति के लिए आत्मिक जागृति जरूरी है।
अध्यात्म की गहराई में उतरें मीडियाकर्मी
रायपुर कुशाभाऊ ठाकरे युनिवर्सिटी ऑफ जेएमसी के पूर्व कुलपति प्रो.डॉ. मान सिंह परमार ने कहा कि वर्तमान समय की नाजुक परिस्थितियों से निपटने व संसार को नई दिशा देने में मीडियाकर्मियों को शिव परमात्मा के महावाक्यों को आत्मसात करने के लिए अध्यात्म की गहराई में उतरना चाहिए।
संगठन के महासचिव, मीडिया प्रभाग अध्यक्ष बीके करूणा ने कहा कि विश्व बन्धुत्व की भावनाओं को मूर्तरूप देने के लिए मीडियाकर्मियों ने हमेशा सकारात्मक कार्य किया है। मीडियाकर्मी सदैव सात्विक मानसिकता के साथ कार्य करें तो निश्चित रूप से भारत वैश्विक शांति में अहम भूमिका अदा करेगा।
वरिष्ठ पत्रकार मनीष वाजपेयी ने कहा कि अशांति के रोग को समाप्त करने के लिए उसकी जड़ों तक जाना जरूरी है। समाज के दु:ख, दर्द को दूर करने में जुटे पत्रकारों के हित में सरकार को कारगर कदम उठाने चाहिए।
संगठन के शिक्षा प्रभाग की उपाध्यक्ष राजयोगिनी शीलू दीदी, प्रभाग की उपाध्यक्ष बीके सरला बहन, भुवनेश्वर से आई सिस्टर तान्या पटनायक, चंडीगढ़ से आए नरेश कौशल, डॉ.राजेश राजौरे, डॉ. सोमनाथ वडनेरे आदि ने वैश्विक शांति विषय पर प्रकाश डाला।
इससे पूर्व गुरुवार शाम को स्वागत सत्र में ज्ञान सरोवर निदेशिका बीके प्रभा दीदी, प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक बीके शांतनू, बीके निकुंज, मुख्यालय संयोजक बीके चंदा बहन, डॉ. बिन्नी बहन आदि ने भी विचार रखे।
