पिण्डवाड़ा, राजस्थान ।

पिंडवाड़ा में उमड़ा जनसैलाब: गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ के सम्मान और रक्षा हेतु राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
​पिंडवाड़ा | गौ माता के प्राणों की रक्षा और उन्हें उचित सम्मान दिलाने के लिए आज पिंडवाड़ा तहसील में ‘गौ सम्मान आव्हान अभियान’ के तहत विशाल जनसमूह उमड़ पड़ा। विभिन्न हिंदू संगठनों, गौ भक्तों और हजारों की संख्या में क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर सन्यास आश्रम से उपखण्ड अधिकारी कार्यालय तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला।
​भजन-कीर्तन के साथ सन्यास आश्रम से पैदल मार्च
​सोमवार प्रातः 9:00 बजे नगर के सन्यास आश्रम परिसर में हजारों गौ भक्त एकत्रित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत संतों के सानिध्य में हुई, जिसके बाद ‘माननीय नंदी बाबा’ की अध्यक्षता में भजन-कीर्तन करते हुए एक विशाल रैली निकाली गई। जय घोष और भक्तिमय वातावरण के साथ यह रैली नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई उपखण्ड अधिकारी कार्यालय पहुंची।
​उच्चाधिकारियों के नाम सौंपा ज्ञापन
​महानुभावों और साधु-संतों के नेतृत्व में श्रीमान उपखण्ड अधिकारी (SDM) के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, राजस्थान के राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगें रखी गईं:
​गौ माता के प्राणों की रक्षा हेतु कड़े कानून बनाए जाएं।
​गौ माता को उचित संवैधानिक सम्मान (राष्ट्रमाता का दर्जा) दिया जाए।
​बेसहारा गौवंश के लिए उचित चिकित्सा और संरक्षण की व्यवस्था हो।
​जुलाई में जिला स्तर पर होगा बड़ा आंदोलन
​सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बताया कि यह तहसील स्तर पर सरकार को एक विनम्र निवेदन है। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो आगामी जुलाई माह में जिला मुख्यालय पर अंतिम निवेदन किया जाएगा। इसके पश्चात, समस्त साधु-संतों और हिंदू संगठनों के मार्गदर्शन में एक व्यापक जनांदोलन शुरू किया जाएगा।
​विभिन्न संगठनों और संतों की गरिमामयी उपस्थिति
​इस पुनीत कार्य में क्षेत्र के अनेकानेक साधु-संतों का सानिध्य प्राप्त हुआ। साथ ही, विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और मातृशक्ति ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी प्रतिबद्धता जताई। हस्ताक्षर अभियान में भी हजारों लोगों ने भाग लेकर इस मांग का पुरजोर समर्थन किया।
​”गौ सेवा ही परम धर्म है। आज पिंडवाड़ा की जनता ने यह सिद्ध कर दिया कि गौ माता की रक्षा के लिए संपूर्ण समाज एकजुट है।”

Share.
Leave A Reply