सिरोही, राजस्थान ।

आबूरोड में अंबेडकर जयंती पर भव्य संगोष्ठी सम्पन्न, समरसता का दिया संदेश
आबूरोड, 15 अप्रैल। डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में आज आबूरोड स्थित श्वेतांबर जैन धर्मशाला में भव्य विशेष संगोष्ठी का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री रमेश चंद्र मेघवाल (सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी) ने की। मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती योशिता छंगानी (महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री हेमंत गोयल (अधिशासी अभियंता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री विजयानंद जी (प्रांत प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने अपने उद्बोधन में बाबा साहब के जीवन, संघर्ष एवं उनके महान विचारों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बाबा साहब को अपने समय में गहरे सामाजिक भेदभाव और कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अपने संघर्ष और दृढ़ संकल्प से समाज को नई दिशा दी।
उन्होंने वर्तमान समय की तुलना करते हुए कहा कि आज समाज में काफी सकारात्मक परिवर्तन आया है और पहले की तुलना में भेदभाव बहुत हद तक कम हुआ है। मुख्य वक्ता ने छोटे-छोटे उदाहरणों के माध्यम से यह समझाया कि किस प्रकार समाज में जागरूकता बढ़ी है और लोग समानता की भावना को अपनाने लगे हैं।
संगोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने, समाज में जागरूकता बढ़ाने एवं आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने पर बल दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने सामाजिक समरसता एवं एकता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें सभी ने मिलकर बाबा साहब के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया।

Share.
Leave A Reply