माउण्ट आबू, राजस्थान ।

केन्द्रीय विद्यालय में मनाया गया संविधान दिवस

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका आबू पर्वत के अध्यक्ष सुनील आचार्य तथा समाजसेवी अजीत सिंह उपस्थित रहे। प्राचार्य ओम प्रकाश जाखड़ ने अतिथियों का पौधा भेंट कर हरित स्वागत किया। इस अवसर पर छात्रा नव्या सिंह झालानी ने भारतीय संविधान के निर्माण, उसकी विशेषताओं एवं नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

हिंदी शिक्षक भंवरलाल ने विद्यालय के समस्त कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन करवाया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रति भी प्रदर्शित की गई, जिससे उन्हें संविधान के मूल स्वरूप एवं उसके महत्व को समझने का अवसर मिला।

मुख्य अतिथि सुनील आचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी एवं कर्तव्यबोध की भावना होनी चाहिए। उन्होंने आबू पर्वत की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने तथा नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सभी नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों से सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

प्राचार्य ओम प्रकाश जाखड़ ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से एक जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर मगनाराम माली, देवेंद्र सिंह, कुमार आनंद अंबुज, राकेश आढ़ा,जीतराम सैनी मधु चारण सहित कई शिक्षक शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply