
सिरोही, राजस्थान ।
चौथमल सूर्याल रिपोर्टर
पाड़ीव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के विकास हेतु उठी आवाज, मांगों को राज्यमंत्री तक पहुंचाया
सिरोही। ग्राम पंचायत पाड़ीव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के विकास को लेकर ग्रामीणों की पहल अब प्रशासनिक स्तर तक पहुंच गई है। पहले यह मांग केवल ग्रामवासियों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे जनप्रतिनिधियों के समक्ष भी मजबूती से रखा गया है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार सुरेश पुरोहित ने इस संबंध में तैयार निवेदन पत्र को राज्य मंत्री ओटाराम देवासी को सौंपकर अस्पताल की मूलभूत आवश्यकताओं से अवगत कराया।
निवेदन पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि पाड़ीव का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन यहां कई आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। ग्रामीणों ने दानदाताओं एवं भामाशाहों से सहयोग की अपील करते हुए अस्पताल के विकास में भागीदारी की अपेक्षा जताई है।
पत्र में जिन प्रमुख कार्यों की आवश्यकता बताई गई है, उनमें अस्पताल के मुख्य द्वार पर काउ-कैचर (पशु रोकने की व्यवस्था) स्थापित करना, मरीजों एवं उनके परिजनों के बैठने तथा दवा वितरण के लिए टिन शेड का निर्माण करना तथा स्वच्छ पेयजल के लिए स्थापित वाटर कूलर की मरम्मत कर उसे सुचारू रूप से चालू करवाना शामिल है।
राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने पत्र का अवलोकन करते हुए कहा कि यह विषय फिलहाल ग्रामीण स्तर का है, लेकिन टिन शेड जैसी आवश्यक सुविधा के लिए वे सहयोग कर सकते हैं। इस पर सुरेश पुरोहित ने मंत्री से चर्चा करते हुए आश्वासन दिया कि अस्पताल के चिकित्सक द्वारा औपचारिक रूप से मंत्री के नाम पत्र जारी करवाया जाएगा, जिससे कार्य को शीघ्र गति मिल सके।
ग्रामीणों का मानना है कि यदि इन मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति हो जाती है तो न केवल मरीजों को राहत मिलेगी, बल्कि अस्पताल की कार्यप्रणाली भी बेहतर होगी। इस पहल से गांव में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता और सहयोग की भावना भी मजबूत होती दिखाई दे रही है।
