सिरोही, राजस्थान ।

विधायक कोष के दुरुपयोग का आरोप, बेडशीट-कंबल खरीद में कमीशन का खेल: रोहित खत्री

मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर 70 लाख की खरीद पर उच्चस्तरीय जांच की मांग, भुगतान रोकने व विधायक कोष फ्रीज करने की अपील

सिरोही।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने विधायक कोष के कथित दुरुपयोग को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर रेवदर विधानसभा क्षेत्र में चिकित्सा संस्थानों के लिए विधायक कोष से की गई करीब 70 लाख रुपए की बेडशीट, कंबल व गद्दों की खरीद को संदिग्ध बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। खत्री का आरोप है कि विकास के नाम पर अनावश्यक सामग्री की खरीद कर कमीशन का खेल खेला जा रहा है, जिससे राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति की छवि को नुकसान पहुंच रहा है। पूरे मामले पर रेवदर विधायक मोतीराम कोली का पक्ष जानना चाह तो उन्होंने कॉल उठाया और मीटिंग का हवाला देकर कहा कि वापिस करता हूँ। उसके बाद खबर लिखें जाने तक कोई कॉल वापिस आया नहीं।

Screenshot

रेवदर-आबूरोड क्षेत्र की खरीद पर उठे सवाल

खत्री ने पत्र में उल्लेख किया कि रेवदर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक मोतीलाल कोली द्वारा विधायक कोष से रेवदर व आबूरोड ब्लॉक के विभिन्न चिकित्सा केंद्रों में बेडशीट, कंबल व गद्दों की खरीद के लिए कुल 70 लाख रुपए की अनुशंसा की गई। इस कार्य के लिए कार्यकारी संस्था के रूप में सीएमएचओ सिरोही को नामित किया गया।

Screenshot

ऐसे हुई खरीद का विवरण

सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी द्वारा रेवदर ब्लॉक के आठ चिकित्सा केंद्रों के लिए करीब 45 लाख रुपए की खरीद दर्शाई गई, जिसमें 305 कंबल तथा 381 सेट बेडशीट (प्रति सेट 7 बेडशीट) शामिल हैं। इस प्रकार रेवदर ब्लॉक के लिए कुल 2667 बेडशीट खरीदी गईं। वहीं, आबूरोड ब्लॉक के चार चिकित्सा केंद्रों के लिए 25 लाख रुपए की खरीद में 265 कंबल व 299 सेट बेडशीट (प्रति सेट 7 बेडशीट) अर्थात कुल 2093 बेडशीट शामिल बताई गई हैं।

Screenshot

इन खरीद प्रस्तावों को जिला परिषद सिरोही के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाशचंद्र अग्रवाल द्वारा प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति दी गई, जिसके बाद सीएमएचओ कार्यालय की ओर से कुल 70 लाख रुपए की सामग्री खरीद की गई।

पहले भी हो चुकी है इसी तरह की खरीद

भाजपा मीडिया प्रभारी खत्री ने बताया कि वर्ष 2021 में भी तत्कालीन बीसीएमओ द्वारा विधायक कोष से करीब 20 लाख रुपए की राशि से रेवदर-आबूरोड क्षेत्र के चिकित्सा केंद्रों के लिए खादी संस्था के माध्यम से बेडशीट, कंबल आदि की खरीद की जा चुकी है। ऐसे में वर्तमान समय में उन्हीं चिकित्सा संस्थानों के लिए फिर से 70 लाख रुपए की बड़ी खरीद किए जाने पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

आवश्यकता और गुणवत्ता पर संदेह

खत्री ने सवाल उठाया कि क्या वर्तमान में इन चिकित्सा केंद्रों को वास्तव में इतनी बड़ी मात्रा में बेडशीट व कंबल की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि यदि पहले से सामग्री उपलब्ध थी, तो इतनी बड़ी राशि खर्च कर पुनः खरीद करना संदेह के घेरे में आता है। साथ ही खरीदी गई सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी जांच आवश्यक है।

सरकार की छवि पर असर

भाजपा मीडिया प्रभारी ने आरोप लगाया कि विधायक कोष से अनावश्यक सामग्री की खरीद कर कमीशनखोरी की जा रही है। सिरोही जिले में भी इसी प्रकार की खरीद सामने आई है, जिससे भाजपा सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर ऐसे मामलों से सवाल खड़े हो रहे हैं।

दरी खरीद का भी जिक्र

खत्री ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में रेवदर विधायक द्वारा रेवदर ब्लॉक में विद्यार्थियों के लिए 30 लाख रुपए की दरी खरीद की भी अनुशंसा की गई है, जो अपने आप में जांच का विषय है।

ये मांगें रखीं

रोहित खत्री ने मुख्यमंत्री से रेवदर विधानसभा क्षेत्र के चिकित्सा केंद्रों के लिए 70 लाख रुपए की बेडशीट, कंबल आदि की खरीद की मात्रा, आवश्यकता व गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच कराने, संबंधित भुगतान पर रोक लगाने तथा विधायक कोष को फ्रीज करने की मांग की है।

रिपोर्ट @ तुषार पुरोहित

Share.
Leave A Reply