सिरोही.राजस्थान ।

सिरोही सदर बाजार में ज्वैलरी शॉप में बड़ी चोरी

कार से आए नकाबपोशों ने 20 मिनट में उड़ाए सोने-चांदी के जेवर, CCTV और DVR भी ले गए

सिरोही।
शहर के व्यस्ततम सदर बाजार में मंगलवार तड़के एक ज्वैलरी शॉप में हुई बड़ी चोरी की वारदात से व्यापारियों और आमजन में हड़कंप मच गया। चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ शटर और ताले तोड़कर सोने-चांदी के बहुमूल्य जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी अपने साथ ले गए। चोरी की इस घटना से पुलिस की रात्रि गश्त और बाजार सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

तड़के 4:30 बजे दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार सदर बाजार स्थित कमलेश कुमार सोनी की ज्वैलरी शॉप को चोरों ने मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे निशाना बनाया। आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में एक कार से तीन नकाबपोश युवक उतरते दिखाई दे रहे हैं। आरोपियों ने सबसे पहले दुकान के चैनल गेट का ताला तोड़ा, इसके बाद शटर को ऊपर उठाकर गेट के ताले तोड़े और भीतर प्रवेश किया।

20 मिनट में समेट लिया लाखों का माल

चोरों ने महज 20 मिनट के भीतर पूरी वारदात को अंजाम दिया। दुकान में रखे सोने और चांदी के जेवरात उन्होंने बैग में भर लिए। इस दौरान एक नकाबपोश युवक हाथ में डंडा या सरिया लिए दुकान के बाहर खड़ा होकर निगरानी करता नजर आया, ताकि किसी के आने-जाने की भनक लगते ही साथियों को सतर्क किया जा सके। चोरी के बाद जाते समय आरोपियों ने दुकान में रखी कुर्सियों को काउंटर पर फेंक दिया, जिससे साफ है कि वे जल्दबाजी में दुकान से निकले।

CCTV तोड़े और DVR भी साथ ले गए चोर

सबूत मिटाने के इरादे से चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़े और डीवीआर भी निकालकर अपने साथ ले गए। हालांकि आसपास की दुकानों के कैमरों में उनकी गतिविधियां कैद हो गई हैं। इन्हीं फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की कार और हुलिए की पहचान करने में जुटी है।

सफाई कर्मचारियों ने दी सूचना

सुबह नगर परिषद के सफाई कर्मचारी जब नियमित सफाई के लिए सदर बाजार पहुंचे तो उन्होंने ज्वैलरी शॉप का सामान बिखरा हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत दुकान मालिक कमलेश कुमार सोनी को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान मालिक ने देखा कि जेवरात गायब हैं और दुकान में तोड़फोड़ की गई है। उन्होंने तत्काल कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने शुरू की जांच, बाजार के कैमरे खंगाले

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना अधिकारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मौका मुआयना किया। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस सदर बाजार और आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से करीब आधे घंटे पहले ही पुलिस की गश्ती गाड़ी बाजार से होकर निकली थी, इसके बावजूद चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

व्यापारियों में रोष, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

दिनदहाड़े व्यस्त रहने वाले सदर बाजार में तड़के हुई इस चोरी से व्यापारियों में रोष है। व्यापार मंडल ने बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे लगाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो इस तरह की वारदातें दोबारा भी हो सकती हैं।

फिलहाल पुलिस चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत का आकलन कर रही है और नकाबपोश चोरों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा पुलिस द्वारा किया जा रहा है।

रिपोर्ट @ तुषार पुरोहित सिरोही

Share.
Leave A Reply