माउण्ट आबू/ सिरोही ,राजस्थान ।

(किशनलाल) ।

केंद्रीय विद्यालय संगठन का मनाया स्थापना दिवस

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आबू पर्वत में केंद्रीय विद्यालय संगठन का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय संगठन में गौरवपूर्ण सेवाएँ देने वाले सेवानिवृत्त मुख्याध्यापिका गंगा थिंगर रही। विशिष्ट अतिथियों के रूप में केंद्रीय विद्यालय संगठन की सेवानिवृत्त रघुनाथ सिंह एवं मदनलाल हंस उपस्थित रहे। साथ ही केंद्रीय विद्यालय आबू पर्वत के पूर्व विद्यार्थी नारायण दाना (एंटरप्रेन्योर) एवं व्यवसायी दीपक सिंहल ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।


इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने गौरवशाली सेवाकाल के अनुभव विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ साझा किए तथा पूर्व शिक्षकों ने केंद्रीय विद्यालय संगठन से जुड़े अपने संस्मरण सुनाए। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा कार्यवाहक प्राचार्य द्वारा विद्यालय की ओर से स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। संगीत शिक्षिका रेखा व्यास के निर्देशन में स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। विद्यार्थियों ने “भारत का स्वर्णिम गौरव केंद्रीय विद्यालय लाएगा” गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर संगठन के गौरवशाली इतिहास को जीवंत किया। छात्र राघवेंद्र सिंह चारण ने पियानो पर प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। अतिथियों के कर-कमलों से अखिल भारतीय नागरिक विकास केंद्र द्वारा आयोजित अखिल भारतीय चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पदक वितरित किए गए।


मुख्य अतिथि गंगा थिंगर ने अपने सेवाकाल के अनुभवों को स्मरण करते हुए केंद्रीय विद्यालय संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर कार्यवाहक प्राचार्य मगनाराम माली ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन भारत में शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरक एवं उत्प्रेरक संस्थान है, जो निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय विद्यालय की गौरव गाथा बताते हुए एक कविता प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान रोहिताश सैनी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को निष्ठा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का मंच संचालन मानसी दत्ता ने किया।

Share.
Leave A Reply