
सिरोही, राजस्थान ।
रिपोर्ट चौथमल सूर्याल ।
पाड़ीव कृषि कुएँ पर लगी आग का आंखों देखा हाल—
धधकती लपटों ने मिनटों में निगला चारा, ग्रामीणों में फैला दहशत का माहौल ।
सिरोही। निकटवर्ती पाड़ीव कस्बे में कालद्री रोड स्थित भूराराम व हकमाराम घांची के कृषि कुएँ पर रविवार दोपहर अचानक उठी आग की लपटों ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। चारा ढेरों से उठता धुआँ कुछ ही क्षणों में तेज़ भभकती आग में बदल गया और देखते ही देखते पूरा चारा जलकर राख हो गया। घटना का दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद किसान कुछ क्षणों के लिए समझ ही नहीं पाए कि आग किस दिशा में फैल सकती है। लपटें हवा के साथ तेजी से ऊपर उठ रही थी और चारे के ढेर आग पकड़ते ही ऐसा प्रतीत हो रहा था कि पलभर में कुएं का पूरा परिसर आग की चपेट में आ जाएगा।
कुएँ के पास मौजूद हरीश घांची ने सबसे पहले आग की लपटें देखी। जैसे ही उन्हें स्थिति की गंभीरता का अहसास हुआ, उन्होंने तत्काल समाजसेवी सुरेश पुरोहित को सूचना दी। पुरोहित ने बिना देर किए सिरोही अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी और बताया कि पाड़ीव के कृषि कुएँ पर आग विकराल रूप ले चुकी है। सूचना मिलते ही अग्निश्मन विभाग के जवानाराम माली अपनी टीम के साथ पूरे उपकरणों सहित मौके के लिए रवाना हुए।
कुछ ही मिनटों में फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर पहुँची। उस समय आग का स्वरूप और भी भयावह हो चुका था—लपटें इतनी तेज थी कि आसपास खड़े किसान कई मीटर दूर हटकर खड़े होने को मजबूर थे। अग्निशमन दल ने तुरंत पानी की तेज धारों से आग पर काबू पाना शुरू किया। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग की लपटें धीरे-धीरे कमजोर पड़ीं और आखिरकार स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।
उसी दौरान मौके पर सदर थाना सिरोही से पुलिस अधिकारी जगदीश प्रसाद, वक्ताराम, तथा कुएँ के मालिक भूराराम घांची, हरीश बोराणा, दोलाराम देवासी, हकमाराम घांची सहित दर्जनों किसान घटनास्थल पर मौजूद रहे। सभी ने मिलकर आग की दिशा रोकने में सहयोग दिया तथा अग्निशमन दल की मदद के लिए पानी के वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध कराए।
आंखों देखा हाल बताते लोगों ने कहा कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुँचती तो आग और फैलकर पास के खेतों एवं अन्य कृषि सामग्री को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। किसानो व ग्रामीणों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए अग्निशमन विभाग और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना से क्षेत्र के किसानों में चिंता बढ़ गई है, वहीं प्रशासन ने लोगों से खेतों और कृषि कुओं के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।

