सिरोही, राजस्थान ।

अवैध पिस्टल सप्लाई करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

माउंट आबू में गत सात महीनों से फरार चल रहे अवैध पिस्टल सप्लाई करने वाले आरोपी किशन लाल को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
थाना अधिकारी दलपत सिंह राठौड़ के अनुसार गत 27 अप्रेल को सोशल मीडिया पर माउंट आबू निवास किशन राणा पुत्र चुन्नीलाल भील की ओर से अपने इन्स्टाग्राम अकाउंट पर एक पिस्टल व मैगजीन के फोटो अपलोड किए जाने की सूचना मिली थी। दौराने अनुसंधन हैडकांस्टेबल राजाराम मय पुलिस जाब्ता ने माउंट आबू केन्द्रीय विद्यालय के पीछे से किशन राणा पुत्र चुन्नीलाल, उसके साथी मानसिंह पुत्र नर सिंह निवासी नोगावा पुलिस थाना अरनोद जिला प्रतापगढ़ हाल निवासी अम्बेडकर कॉलोनी माउंट आबू को दस्तयाब कर तलाश की। जिस पर मानसिंह के कमर की बेल्ट में एक पिस्टल मय मैगजीन मिली। जिसका कोई वैध अनुज्ञापत्र नहीं होने से पिस्टल मय मैगजीन को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
दौराने अनुसंधान अभियुक्त मान सिंह ने पुलिस को अवैध पिस्टल अपने ससुर किशन लाल चारण निवासी गांव नागथून पुलिस थाना जावद जिला नीमच मध्यप्रदेश से प्राप्त करना बताया था जिस पर किशन लाल की दस्तयाबी के प्रयास आरंभ किए गए। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान के निर्देशन, पुलिस उपाधीक्षक गोमाराम की देखरेख में थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की ओर से कार्यवाही आरंभ कर वांछित आरोपी किशन लाल के रिश्तेदारों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए उसके वर्तमान कार्यक्षेत्र की पुख्ता जानकारी हासिल की। जो अलग-अलग राज्यों में फेरी लगाकर कंबल आदि बेचने का काम करता था। चार दिसम्बर को पुलिस टीम द्वारा आरोपी किशन लाल को राजस्थान की सीमा में दाखिल होना टे्रक किया गया। जिसके चलते मुखबीर सूचना व तकनीकी पहलूओं के आधार पर आमली-पिण्डवाड़ा स्टेट हाईवे से अभियुक्त किशन लाल को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त से आगे की पूछताछ जारी है।

Share.
Leave A Reply