
सिरोही, राजस्थान ।
टैक्सी लूट का दो दिन में खुलासा, दो गिरफ्तार, कार जालोर से बरामद
सुनील सिंघानिया। सिरोही जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत आबूरोड रीको थाना पुलिस ने टैक्सी लूट की वारदात का महज 48 घंटे में पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 3 नवंबर की रात सियावा क्षेत्र में हुई टैक्सी लूट मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई ओरा कार (RJ-19-TB-2311) को जालोर से बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार जोधपुर निवासी टैक्सी चालक सुरेश कुमावत ने रिपोर्ट दी थी कि 2 नवंबर की रात करीब 1 बजे तीन युवक उनकी टैक्सी किराए पर लेकर आबूरोड आए। आबूरोड पहुंचने के बाद आरोपियों ने चालक को अम्बाजी रोड स्थित सुनसान जगह ले जाकर धमकाया, पैसे मांगे और नहीं होने पर उसे नीचे उतारकर कार लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद आबूरोड रीको थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों का पीछा करते हुए दो को दबोचा।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी रविन्द्रसिंह और उसका सहयोगी पहले बागरा में आरओ प्लांट और बाद में होटल चलाते थे, लेकिन नुकसान होने पर इन्होंने लूट को अपना साधन बना लिया। ये लोग रात में टैक्सी किराए पर लेकर सुनसान क्षेत्र में चालक को धमकाकर पैसे मांगते और न देने पर गाड़ी लूटकर फरार हो जाते। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविन्दराम (21) निवासी बाला, थाना नोसरा, जालोर और रविन्द्रसिंह (22) निवासी देलदरी, थाना बागरा, जालोर के रूप में हुई है। टीम में थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत, पुखराज उनि, भवानीसिंह सउनि, कांस्टेबल ओमप्रकाश, जयंतिलाल तथा साइबर सेल के भवानीसिंह, रमेश और सुरेशकुमार शामिल थे। पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।