सिरोही राजस्थान ।

(रिपोर्ट सुनील सिंघानिया, जावाल)

पालड़ी में दिनदहाड़े गुंडागर्दी — माफिया राज से दहशत, दबंगों ने दुकान में घुसकर की बेरहमी से मारपीट, महिलाएं असुरक्षित

सिरोही जिले के पालड़ी थाना क्षेत्र के उत्तमन गांव में माफिया राज और गुंडागर्दी का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। गांव में दिनदहाड़े एक दुकानदार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया, जिसका लाइव वीडियो सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, पुलिस बाता पालड़ी एम निवासी पीराराम मेघवाल (52) पुत्र नरसाराम अपनी दुकान पर बैठा था, तभी गांव के कुछ दबंग युवक लाठियां लेकर दुकान पर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। हमले में पीराराम के हाथ, पैर और पसलियां टूट गईं। घायल को उसकी पत्नी गीता देवी ने ग्रामीणों की मदद से सुमेरपुर के संजीवनी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

एफआईआर के अनुसार, आरोपी सुमेरसिंह उर्फ भूरसिंह पुत्र सरदारसिंह, नायमसिंह पुत्र सरदारसिंह, केसरसिंह पुत्र सरदारसिंह, गणपतसिंह पुत्र सरदारसिंह, महेन्द्रसिंह पुत्र सरदारसिंह, शंकरसिंह पुत्र छोगसिंह तथा एक अन्य व्यक्ति, सभी निवासी उत्तमन, राजपूत समाज से हैं। इन सभी ने मिलकर पीराराम को दुकान से खींचकर बाहर सड़क पर लाकर बेरहमी से पिटाई की।

पीड़ित ने अपने बयान में बताया कि उसकी पत्नी दुकान पर सिलाई का काम करती है। कुछ माह पहले सुमेरसिंह उर्फ भूरसिंह ओढ़णी सिलवाने के बहाने आया और उसकी पत्नी से मोबाइल नंबर मांगते हुए छेड़छाड़ करने लगा। जब महिला ने यह बात अपने पति को बताई, तो पति ने गांव के अन्य लोगों से शिकायत की। इस बात से नाराज होकर आरोपियों ने पीड़ित को धमकी दी कि “वेड होकर राजपूतों के कुएं पर बोलने आता है, अब गांव के चौक पर ठोके जाएंगे।” इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को कुचलने की भी कोशिश की और फिर 8 अगस्त की सुबह हमला कर दिया।

इस घटना का वीडियो खुद पीड़ित ने अपने मोबाइल में बनाया, जिसमें आरोपी साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि दबंग युवक पहले दुकान के बाहर गालियां देते हैं, फिर जबरन अंदर घुसकर लाठियों से हमला करते हैं। यह वीडियो अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन गया है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पालड़ी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से माफिया और दबंगों का आतंक बढ़ता जा रहा है। गांव में आम लोग और महिलाएं तक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की गुंडागर्दी करने की हिम्मत न कर सके।

Share.
Leave A Reply