सिरोही, राजस्थान ।

भारतीय किसान संघ ने फसल मुआवजे की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की दी चेतावनी


जावाल/सिरोही, 12 सितंबर 2025 (सुनील सिंघानिया) /
भारतीय किसान संघ, तहसील सिरोही की मासिक बैठक आज तहसील अध्यक्ष सरूपा राम चौधरी की अध्यक्षता में जावाल में संपन्न हुई। बैठक के बाद, जिले में अतिवृष्टि से हुए फसल नुकसान के मुआवजे और अन्य किसान समस्याओं को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
जिला मंत्री उत्तम सिंह राठौड़ के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में किसानों ने कई प्रमुख मांगें रखी हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई अत्यधिक बारिश और खेतों में पानी भरने से अरंडी सहित कई फसलें नष्ट हो गई हैं। संघ ने मांग की है कि प्रशासन पुनः गिरदावरी करवाकर किसानों को तत्काल मुआवजा प्रदान करे। इसके अलावा, जिन किसानों ने खरीफ फसल 2024 का बीमा प्रीमियम भरा था, उन्हें फसल खराब होने के बावजूद अभी तक बीमा राशि का भुगतान नहीं किया गया है, जिसकी जांच की मांग की गई है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि रबी की फसल की बुवाई का समय नजदीक है, लेकिन जिले में डीएपी और यूरिया खाद की कमी बनी हुई है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, कृषि कुओं पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के वादे को भी पूरा करने की मांग की गई।
किसान संघ ने चेतावनी देते हुए कहा कि इन्हीं मांगों को लेकर 18 अगस्त 2025 को भी ज्ञापन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। यदि प्रशासन समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं करता है, तो किसान संघ को मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
जिला कलेक्टर से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला मंत्री उत्तम सिंह राठौड़, जिला कोषाध्यक्ष वेलाराम प्रजापत, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख शैतान सिंह राव, सिरोही तहसील अध्यक्ष सरूपा राम चौधरी एवं तहसील मंत्री महेंद्र कुमार शामिल थे।

Share.
Leave A Reply