
पिण्डवाड़ा/सिरोही,राजस्थान ।
नांदिया में हुआ सांसद खेल महोत्सव की क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आगाज ।
पिण्डवाड़ा (भूपेंद्र परमार) – पिण्डवाड़ा ब्लॉक के निकटवर्ती गांव नांदिया में सोमवार 10 नवम्बर को सिरोही- जालोर सांसद लुम्बाराम चौधरी के मुख्य आतिथ्य में सांसद खेल महोत्सव के क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शानदार शुभारंभ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नांदिया के खेल मैदान में हुआ।
स्थानीय विद्यालय के मीडिया प्रभारी गुरुदीन वर्मा के अनुसार इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद लुम्बाराम चौधरी ने बोलते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने क्षेत्र का नाम रोशन करने की बात कही और खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रमुख अर्जुन राजपुरोहित ने कहा कि इस प्रकार के खेलों से व्यक्ति का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है तथा स्थानीय स्कूल के खेल मैदान के परकोटे के निर्माण की बात कही। विशिष्ट अतिथि के रूप जिला परिषद सदस्य दिलीप कुमार जैन ने इस प्रकार के खेल आयोजन में हर प्रकार का सहयोग करने की बात कही इनके द्वारा और आज के कार्यक्रम में सभी के लिए भोजन की व्यवस्था भामाशाह के रूप में की गई। कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य (पीईईओ) देवेश कुमार खत्री ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया एवं कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी का धन्यवाद देकर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उद्घाटन मैच के रूप में रस्साकशी में महिला वर्ग में कोजरा एवं आपरीखेड़ा के बीच और पुरूष वर्ग में नांदिया एवं कोजरा के बीच मैच हुआ। जिसमें महिला वर्ग में आपरीखेड़ा टीम और पुरूष वर्ग में कोजरा टीम विजेता बनी।
इस अवसर पर सांसद खेल महोत्सव जिला संयोजक गणपत सिंह जी राठौड़, भाजपा जिला महामंत्री नरपत सिंह राणावत, उपप्रधान रमेश रावल, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष भंवर लाल परमार, प्रदेश सदस्य भाजपा किसान मोर्चा रतन लाल गरासिया, मंडल अध्यक्ष, भाजपा झाड़ौली जितेंद्र देवासी, एसडीएमसी सदस्य हिम्मत रावल एवं जोराराम देवासी समेत गांव के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम का संचालन स्थानीय विद्यालय के शिक्षक नारायण लाल प्रजापत एवं शिक्षिका शिवानी चौहान द्वारा किया गया। इसी के साथ स्थानीय विद्यालय के समस्त कर्मचारियों एवं उपस्थित सभी शारीरिक शिक्षकों का अच्छा सहयोग रहा।
