

पिण्डवाड़ा , राजस्थान ।
सप्त शक्ति संगम (मातृ सम्मेलन) का सफल आयोजन
नांदिया:- दिनांक 09 नवम्बर 2025 को संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती राजस्थान द्वारा आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक, नांदिया के तत्वावधान में पोषक ग्रामों आरासणा, सिलवणी, तेरपुर, डिंगार, एवं नांदिया में सप्त शक्ति संगम (मातृ सम्मेलन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रेखा देवी ने की, जबकि मुख्य अतिथि आशा देवी, करुणा कुंवर एवं तरुणा कुंवर थीं और विशिष्ट अतिथि देवी एवं धरमी देवी रहीं। अतिथियों ने भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मातृशक्ति को सशक्त बनाना और समाज में परिवर्तन लाना था, जिसके तहत महिलाओं को शिक्षित, संगठित और जागरूक करने के साथ-साथ पंच परिवर्तन – पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं स्व का बोध, कुटुंब प्रबोधन, तथा नागरिक शिष्टाचार के प्रति प्रेरित किया गया। विद्यालय की प्रचार प्रसार प्रमुख सुश्री कृष्णा कुंवर की जानकारी के अनुसार , आचार्या रेखा देवड़ा ने कुटुंब प्रबोधन और बालक के विकास में माता की भूमिका पर प्रभावी उद्बोधन दिया, वहीं आचार्या मिनाक्षी रावल ने माता के कर्तव्यों और मातृस्नेह की भूमिका पर प्रकाश डाला। क्षेत्र की अनेक माताओं एवं बहिनों ने उत्साहपूर्वक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में माताओं से प्रश्नोत्तरी के माध्यम से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। मंच संचालन सुश्री मनीषा रावल ने किया। कार्यक्रम संयोजक सुश्री रिंकु माली एवं सह संयोजक सुश्री कुसुम राजपुरोहित के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के सभी भैयाजी व दीदीजी का सहयोग सराहनीय रहा।
