
सिरोही, राजस्थान ।
(V24 न्यूज़ चैनल रिपोर्टर) ,
पिण्डवाड़ा में प्रस्तावित खनन परियोजना के विरोध में उबाल — ग्रामीणों ने किया SDM कार्यालय का घेराव, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन ।
SDM ऑफिड के घेराव में उमड़ा हजारों लोगों का जनसैलाब
पिण्डवाड़ा।
पिण्डवाड़ा क्षेत्र में प्रस्तावित चुना पत्थर खनन परियोजना को निरस्त करने की मांग को लेकर मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने शांतिपूर्वक रैली निकालकर उपखंड अधिकारी (SDM) कार्यालय का घेराव किया। ग्रामीणों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि इस परियोजना को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वाटेरा, भीमाना, भारजा, रोहिड़ा, तरुँगी, स्वरूपगंज सहित आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली और वाहनों के काफिले के रूप में पिण्डवाड़ा पहुंचे। सुबह से ही गांवों में रैली के लिए उत्साह का माहौल देखने को मिला। महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी हाथों में बैनर और तख्तियां लिए नारेबाजी करते हुए हाइवे मार्ग से गुजरते हुए SDM कार्यालय पहुंचे।
सभा स्थल पर हुई जनसभा में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और किसान नेताओं ने भी मंच साझा कर ग्रामीणों के संघर्ष का समर्थन किया। वक्ताओं ने कहा कि चार ग्राम पंचायतों—वाटेरा, भीमाना, भारजा और रोहिड़ा—की करीब 800 हेक्टेयर उपजाऊ जमीन को मेसर्स कमलेश मेटाकास्ट प्राइवेट लिमिटेड को चुना पत्थर खनन के लिए देने का प्रस्ताव ग्रामीणों के जीवन, पर्यावरण और खेती के लिए खतरा है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की जल, जंगल और जमीन के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण क्षेत्र पर भी विपरीत प्रभाव डालेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और सरकार ने जनभावनाओं की अनदेखी की, तो आने वाले समय में आंदोलन जिला मुख्यालय तक पहुंचाया जाएगा।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने राष्ट्रपति से मांग की है कि खनन की यह प्रस्तावित योजना तत्काल निरस्त की जाए और क्षेत्र की कृषि भूमि, पर्यावरण तथा ग्रामीण जीवन को सुरक्षित रखा जाए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रैली और धरना प्रदर्शन पूर्णतः शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।



रिपोर्ट तुषार पुरोहित सिरोही
