
राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्टेट एडवेंचर एंड ट्रेनिंग सेंटर, माउंट आबू में आयोजित हुआ एडवेंचर कैंप
माउंट आबू / सिरोही, राजस्थान।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के स्टेट एडवेंचर एंड ट्रेनिंग सेंटर, माउंट आबू में 21 से 25 सितंबर तक रोमांचक एडवेंचर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में विभिन्न जिलों से आए युवाओं और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर साहस, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।
कैंप के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की रोमांचक गतिविधियों से रूबरू कराया गया। इनमें रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग, ट्रैकिंग, टेंट पिचिंग, नाइट हाइकिंग और टीम गेम्स जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, साहस तथा सहयोग की भावना का विकास करना था।
सुंदर प्राकृतिक वातावरण से घिरे माउंट आबू के मनोहारी दृश्यों के बीच आयोजित इस शिविर ने सभी प्रतिभागियों को प्रकृति के और करीब आने का अवसर दिया। जलाशय के किनारे और पर्वत श्रृंखलाओं के बीच किए गए अभ्यासों ने युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता का भी अनुभव कराया।
कैंप संचालक सी.ओ स्काउट श्रीमान जितेंद्र भाटी ने ने बताया कि ऐसे आयोजन युवाओं में रोमांचक गतिविधियों के प्रति रुचि जागृत करने के साथ-साथ अनुशासन, स्वावलंबन और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं। प्रतिभागियों ने भी इस अवसर को अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया। इस दौरान कैंप प्रशिक्षक के रूप में विक्रम झांझरिया, प्रकाश राणा, भरत लाल रैबारी उपस्थित रहे।
इस प्रकार यह एडवेंचर कैंप युवाओं के व्यक्तित्व विकास में एक नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करेगा।
