
जावाल/ सिरोही, राजस्थान ।
(सुनील सिंघानिया) /
सिरोही जिले के बरलूट थाना क्षेत्र के गांवों में चोरियों के विरोध में 22 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरना
सिरोही जिले के बरलूट थाना क्षेत्र के मनोरा, भूतगांव, भुलगांव, जामोतरा, जावाल सहित आसपास के गांवों में लगातार बढ़ती चोरियों और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन दिनों में पुलिस चोरियों का खुलासा नहीं करती तो वे 22 सितंबर 2025 से बरलूट थाने के सामने अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना शुरू करेंगे। इस आंदोलन की घोषणा ग्रामीणों ने जारी किए गए पोस्टर के माध्यम से की है, जिसमें “चलो बरलूट” का नारा और “अनिश्चितकालीन कालीन धरना प्रदर्शन” का आह्वान किया गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि पिछले कई महीनों से चोरी की घटनाओं में तेजी आई है और पुलिस की उदासीनता के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मनोरा व आसपास के गांवों में हालात इतने खराब हैं कि रात को अकेले घर में रहना मुश्किल हो गया है और कुछ परिवार पलायन तक कर रहे हैं। पूर्व में भी एक वारदात के दौरान घर में अकेली महिला की हत्या कर जेवरात लूट लिए गए थे।
ग्रामवासी प्रवीण कुमार व अन्य ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन की अनुमति मांगी है। ग्रामीणों ने कहा कि उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक पुलिस चोरियों का खुलासा नहीं करती और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य नहीं होती। इस चेतावनी से पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और अब पूरे क्षेत्र की नजर 22 सितंबर से शुरू होने वाले इस आंदोलन पर है।
