मुंबई/महाराष्ट्र (सुरेश पुरोहित) ।

इमिटेशन ज्वेलरी बाज़ार में नए युग की शुरुआत ।

क्लस्टर रीडेवलपमेंट का प्रस्ताव और नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान

मुंबई। तिज्दमा इमिटेशन ज्वेलरी एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा सोमवार को माधव बाग, सीपी टैंक में उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर क्लस्टर रीडेवलपमेंट का महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसे सदस्यों ने उत्साहपूर्वक समर्थन दिया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण कर भविष्य की दिशा तय करने का संकल्प भी लिया।

निर्विरोध चुनाव में अमर रहेजा अध्यक्ष चुने गए, जबकि पूर्व अध्यक्ष अतुल धनेशा को चेयरमैन (सभापति) बनाया गया। नई टीम में निलेश झवेरी और जयेश मेहता उपाध्यक्ष, अतुल अग्रवाल सचिव, भरत सेठ, सचिन सेठ और हेमंत पंड्या संयुक्त सचिव, कल्पेश कामदार कोषाध्यक्ष तथा दिनेश राजपुरोहित और आनंद सुराणा संयुक्त कोषाध्यक्ष के रूप में नियुक्त हुए। सलाहकार समिति में भारत पारेख, खेतसिंहजी राजपुरोहित, दीपक पंजाबी और नरेंद्र ढोलकिया को शामिल किया गया।

सभा में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार और विधायक अमीन पटेल का सम्मान किया गया। अपने संबोधन में अमीन पटेल ने भोईवाड़ा इमिटेशन ज्वेलरी बाज़ार के क्लस्टर रीडेवलपमेंट की योजना का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि पुराना बाजार अब एक संगठित, सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप में बदलने का समय आ गया है।

करीब पाँच सौ सदस्यों की उपस्थिति में पारित इस प्रस्ताव के तहत एकीकृत क्लस्टर में अत्याधुनिक शो-रूम, पर्याप्त पार्किंग, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक्स और ग्राहकों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की शॉपिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे कारोबारियों को पारदर्शिता और गति मिलेगी, वहीं ग्राहकों को बेहतर अनुभव मिलेगा।

सभा के समापन पर अध्यक्ष अमर रहेजा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की एकता और सहयोग से इमिटेशन ज्वेलरी उद्योग का यह क्लस्टर न केवल मुंबई बल्कि पूरे देश को नई पहचान दिलाएगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ेगा।

Share.
Leave A Reply