सिरोही, राजस्थान।

(सुरेश पुरोहित ) ,

*पाड़ीव में मुक्तिधाम हेतु भूमि आवंटन की दिशा में बढ़ा एक महत्वपूर्ण कदम, ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव किया पारित*

— जनसुनवाई में उठी मांग को मिली गति, पंचायत प्रस्ताव के बाद प्रशासनिक कार्यवाही की तैयारी

सिरोही। जिले के ग्राम पाड़ीव में ग्रामीणों द्वारा वर्षों से चली आ रही एक अहम सामाजिक आवश्यकता को अब मूर्त रूप मिलने की दिशा में ठोस पहल शुरू हो गई है। गत माह 17 मई 2025 को ग्राम में आयोजित जनसुनवाई एवं लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर ग्रामवासियों ने पंचायतीराज मंत्री श्री ओटाराम देवासी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा था, जिसमें गांव में श्मशान भूमि (मुक्तिधाम) हेतु राजस्व भूमि आवंटित करने की पुरजोर मांग की गई थी। इस ज्ञापन में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया था कि पाड़ीव में आज तक किसी सार्वजनिक मुक्तिधाम हेतु भूमि आवंटित नहीं की गई हैं, जिससे अंतिम संस्कार के समय अनेक सामाजिक व भावनात्मक असुविधाएं उत्पन्न होती हैं।ग्रामवासियों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मंत्री श्री देवासी ने आश्वस्त किया था कि सरकार इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय हेतु आवश्यक निर्देश देगी। इसी क्रम में, हाल ही में समाजसेवी सुरेश पुरोहित के नेतृत्व में ग्राम पंचायत पाड़ीव ने औपचारिक रूप से यह प्रस्ताव पारित किया कि गांव की राजस्व भूमि में से खसरा संख्या 1088, किस्म ‘गैर मुमकिन कातरा’, कुल रकबा 1.59 हेक्टेयर में से 0.08 हेक्टेयर भूमि सार्वजनिक श्मशान घाट के रूप में आवंटित की जाए। ग्राम पंचायत ने यह भी स्पष्ट किया कि इस भूमि के उपयोग को लेकर पंचायत को कोई आपत्ति नहीं हैं तथा प्रशासन से आग्रह किया गया हैं कि उक्त भूमि को मुक्तिधाम के नाम पर राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज किया जाए।

गौरतलब हैं कि यह प्रस्ताव ग्रामीणों की सामूहिक भावना और सामाजिक गरिमा से जुड़ी एक लंबित आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है। सुरेश पुरोहित ने जानकारी दी कि प्रस्ताव के पारित हो जाने के बाद अब संबंधित राजस्व विभाग व जिला प्रशासन को पत्राचार भेजा जा चुका है तथा भूमि आवंटन की अंतिम स्वीकृति हेतु कलेक्टर से आदेश प्राप्त करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।

ग्राम पंचायत के सरपंच देशाराम मेघवाल ने ग्रामीणों को श्मशान घाट हेतू noc प्रदान की इस अवसर पर जीतेन्द्र पुरोहित, पुष्पेंद्र सिंह तंवर, चतराराम हीरागर, किशोर रावल, ओबाराम भाटी, चुनीलाल प्रजापति, पोसाराम प्रजापति, भवरलाल पुरोहित, नारायण पुरोहित, पुखराज हीरागर, दिलीप प्रजापति आदि मौजूद रहे।इस जन-सामूहिक प्रयास में गांव के वरिष्ठ नागरिक, महिलाओं के स्वयं सहायता समूह, युवा प्रतिनिधि एवं पंचायत सदस्य सक्रिय रूप से सम्मिलित रहे। अब पूरे गांव में आशा जगी हैं कि शीघ्र ही पाड़ीव को एक सम्मानजनक और सुव्यवस्थित मुक्तिधाम की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील अवसरों पर न केवल पारंपरिक मर्यादा बनी रहेगी, बल्कि सामाजिक व्यवस्था में भी स्थायित्व आएगा।

Share.
Leave A Reply