पानी मित्रों ने तैयार की जल सुरक्षा की रूपरेखा दो दिवसीय प्रशिक्षण में 40 पानी मित्र हुए तैयार
सिरोही ।
ग्राम स्तर पर किसानों को सूक्ष्म सिंचाई पद्धति से जोड़ने एवं जल संचयन कर भू-जल स्तर को बढ़ाने हेतु सेंटर फॉर माइक्रोफाइनेंस संस्था के द्वारा दो दिवसीय ”पानी मित्र“ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान सिरोही ब्लॉक के 10 से अधिक गांवों से 40 चयनित पानी मित्रों को आमंत्रित कर उन्हें प्रशिक्षण दिया गया। टाटा ट्रस्ट्स एवं क्रॉमटन के सहयोग से जल एवं स्वच्छता परियोजना के द्वितीय चरण के अंतर्गत जल सुरक्षा कार्य को बढ़ावा देने हेतु इस प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से पी.एच.ई.डी विभाग से के.एल.मीणा – अधिशाषी अभियंता, शिवराज सिंह सिंदरथ – सिरोही सरपंच संघ अध्यक्ष, मोहन सिंह – सरपंच बालदा, शैतान सिंह खाम्बल तथा संस्था के सोशल इंचार्ज संदीप सिंह व अन्य टीम के सदस्यों ने पानी मित्रों के संग जल संरक्षण योजना निर्माण पर कार्य किया। संस्था के टीम लीडर गणपत सिंह ने बताया कि परियोजना के तहत हमने प्रत्येक गांव में ऐसे लोगों का चयन किया जिन्हें जल संरक्षण एवं इससे जुड़े कार्यों में अच्छी समझ है। इन्हें जल संरक्षण एवं सूक्ष्म सिंचाई तकनीक से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से प्रशिक्षण देकर एक पानी मित्र के तौर पर तैयार किया जा रहा है। ये पानी मित्र आगे चलकर गांव में हर घर – हर किसान जल से जुड़े मुद्दों पर जन जागरूकता का काम करेंगे।

