जयपुर , राजस्थान।
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा (शहरी अभियान) का शुभारंभ आज 18 दिसम्बर को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा जयपुर के सांगानेर स्टेडियम में किया जायेगा।पत्र सूचना कार्यालय व केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय, जयपुर की अपर महानिदेशक श्रीमती ऋतु शुक्ला ने बताया कि जयपुर के अतिरिक्त कोटा, उदयपुर, भरतपुर, जोधपुर, अजमेर, अलवर, बीकानेर, भीलवाड़ा जिलों में भी कल से नगर निगम / परिषद क्षेत्रों में विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान का शुभारंभ होगा।
इन कैम्पों में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, पीएम स्वनिधि योजना, आधार अपडेशन संबंधी योजनाओं के शिविर लगाये जायेंगे। इसी के साथ भारत सरकार द्वारा भिजवाई गई वैन कैम्प स्थल पर पहुंचकर आई.ई.सी. के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगी। शहरी स्थानीय निकायों व नगरीय विकास एवं आवासन विभाग, राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में कैम्प स्थल पर आयुष्मान भारत योजना, पीएम उज्जवला योजना, पीएम स्वनिधि योजना, हेल्थ चेकअप कैम्प, आधार अपडेशन कैम्प आयोजित किये जायेंगे जिसमें मौके पर ही लाभार्थियों का पंजीयन कर योजनाओं का लाभ प्रदान किया जायेगा।
