लखनऊ , यू पी ।

उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ आज अपनी एकदिवसीय यात्रा पर लखनऊ पहुंचे जहां उन्होंने दो दिवसीय अटल स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन किया। उपराष्ट्रपति ने मुख्य अथिति के रूप में मेले के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अटल जी बहुत याद आते हैं। अटल जी अपने सिद्धांत पर अटल रहे, पर मार्मिक मुद्दों पर वह अत्यंत मुलायम थे। आज, अटल जी होते तो वह देख पाते कि उनका भारत आज तीव्र गति से दुनिया के शिखर पर जा रहा है।

उपराष्ट्रपति ने आयुष्मान भारत स्वाथ्य कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत कार्यक्रम दुनिया का सबसे बड़ा स्वास्थ्य कल्याण कार्यक्रम है। 140 करोड़ के देश में ऐसा कार्यक्रम लागू करना एक भागीरथी कार्य है और मोदी जी ने इसे एक जमीनी हकीकत बना दिया है। उन्होंने इस अवसर पर स्वच्छता अभियान कार्यक्रम की भी जमकर सराहना की उन्होंने कहा कि स्वच्छता कार्यक्रम से लोगों के स्वास्थ्य और जीवन में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है।उपराष्ट्रपति ने आगे महिला आरक्षण विधेयक का जिक्र करते हुए कहा कि 21 सितंबर को भारतीय संसद ने महिला आरक्षण बिल पास करके इतिहास रच दिया, उन्होंने कहा कि इस बिल के पास हो जाने से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक तिहाई महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह आरक्षण होरिजेंटल और वर्टिकल दोनों ही है मतलब इसमें यह भी निश्चित किया जाएगा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को भी इस नियम के तहत आरक्षण मिलेगा। यह आरक्षण सामाजिक समानता और न्याय की सुनिश्चित करेगा।

Share.
Leave A Reply