*शिक्षा व खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में उठाए कदम : लोढ़ा*
_- विधायक लोढ़ा ने सवली में किया ६७ वीं जिला स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का शुभारंभ
_ शिवगंज(हरीश दवे) तहसील क्षेत्र के सवली गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ६७ वीं जिला स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता १७ व १९ वर्ष छात्र छात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता नारादरा सरपंच वेलाराम ने की। विशिष्ठ अतिथि के रूप में एसीबीईई हरिशंकर मीना, महेन्द्रसिंह देवडा एवं ओडा सरपंच भगराम उपस्थित थे।इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लोढ़ा ने कहा कि पिछले साढे चार साल के दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व खेलों को बढावा देने के लिए कई कदम उठाए है। जिन स्कूलों में खेल मैदान नहीं थे, वहां जिला कलक्टर से आग्रह कर खेल मैदान के लिए भूमि का आवंटन करवाया है। खेल संसाधन उपलब्ध करवाने के लिए विद्यालयों को विधायक कोष से राशि का आवंटन किया गया है। प्रत्येक तहसील स्तर पर मेजर ध्यानचंद स्टेडियम का निर्माण करवाया जा रहा है। इसके अलावा सिरोही में स्टेडियम के अभाव की वजह से मांडवा में स्टेडियम स्वीकृत करवाया जहां अभी निर्माण कार्य प्रारंभ है। विधायक ने कहा कि शिक्षा के साथ साथ खेल भी मानसिक विकास के लिए आवश्यक है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की खेलों को बढावा देने की मंशा के चलते ग्रामीण ऑलंपिक खेलों की शुरूआत की। जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के खिलाडियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका मिला। आज राज्य सरकार राष्ट्रीय खेलों में उम्दा प्रदर्शन करने वाले खिलाडियों को नौकरी भी प्रदान कर रही है। विधायक ने कहा कि वर्ष २०१८ से पूर्व सिरोही में केवल चार महाविद्यालय हुआ करते थे। शिक्षा को बढावा देने की दृढ इच्छाशक्ति का ही परिणाम है कि साढे चार साल के दौरान सिरोही विधानसभा क्षेत्र में ७ नए कॉलेज खोले गए है ताकि यहां के बच्चों को उच्च अध्ययन के लिए बाहर जाना नहीं पड़े। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सभी उच्च प्राथमिक विद्यालयों को उच्च माध्यमिक विद्यालय में सीधे क्रमोन्नत कर शिक्षा को बढावा देने की दिशा में पहल की है। उन्होंने ग्रामीणों से बालिकाओं को उच्च शिक्षा प्रदान करवाने की अपील करते हुए कहा कि हमारी बेटियों में भी काफी प्रतिभाएं है। यदि उनको आगे बढने का मौका देंगे तो वे भी आपके परिवार और जिले का नाम रोशन करेगी। इस अवसर पर विधायक ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाडियों को खेल को खेल की भावना से खेलने तथा निर्णायकों को निष्पक्ष निर्णय प्रदान कर प्रतिभाओं को आगे लाने की नसीहत दी। इससे पूर्व विधायक ने प्रतियोगिता का ध्वज फहराकर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की तत्पश्चात खिलाडियों, दल नायकों एवं निर्णायकों से परिचय प्राप्त किया।

*मुख्य द्वार का किया लोकार्पण*
इस अवसर पर विधायक लोढ़ा ने भामाशाह किशनलाल मोडाजी प्रजापति की ओर से विद्यालय के लिए मार्बल से बनवाए गए मुख्यद्वार का विधिवत लोकार्पण किया। इससे पूर्व विधायक के सवली पहुंचने पर विद्यालय परिवार और ग्रामीणों की ओर से विधायक लोढ़ा का साफा एवं पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य रगाराम मनाजी कलबी, संयोजक मांगीलाल मेघवाल प्रधानाचार्य राउमावि माण्डानी, शारीरिक शिक्षक जितेन्द्र सिंह चौहान, रघुवीर सिंह, चक्रवर्ती सिंह देवडा, अर्जुन कुमार रावल, पर्यवेक्षक दूदाराम व्याख्याता राउमावि नारादरा, शारीरिक शिक्षक कालुराम देवासी, अध्यापक हीरालाल प्रजापत, गणेशाराम कलबी, सुरेन्द्र रामावत, ममता मीणा, मन्जु खालिया, सीता नारनोलिया आदि उपस्थित थे। मंच संचालन अध्यापक सवाराम कुम्हार व सरिता वैष्णव ने किया।
