*विधायक ने किया गैस व विधुत शवदाह गृह का शिलान्यास*

  • नगर पालिका की ओर से 1 करोड़ 8 लाख की लागत से करवाया जा रहा है निर्माण_

शिवगंज, राजस्थान (हरीश दवे),

शहर के श्मशान घाट पर नगरपालिका प्रशासन की ओर से करीब 1 करोड़ 8 लाख रुपए की लागत से निर्मित करवाए जाने वाले गैस व विधुत आधारित शवदाह गृह का शिलान्यास सोमवार की शाम को मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढा ने किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष वजिंग राम घांची ने की। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष लक्ष्मण परिहार, नगर कॉंग्रेस अध्यक्ष मदन माली, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रता राम देवासी अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लोढा ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण काफी आवश्यक हो गया है। निरंतर पेडों की कटाई होने की वजह से इसका प्रभाव जलवायु पर भी पड़ा है। इसके साथ ही आज के समय में प्रत्येक व्यक्ति दौड में लगा हुआ है। उनके पास समय का भी अभाव है। जिसके सामाजिक दुष्प्रभाव भी सामने आ रहे है। हालांकि पिछले काफी समय से जिस तरह से शहर का विस्तार हो रहा है। कई बार शव को यहां तक लाने और दाह संस्कार में समय भी अधिक लग जाता है। इस वजह से विद्युत शव दाह गृह की आवश्यकता भी महसूस की जा रही थी। लेकिन सामाजिक संस्कारों की वजह से इस कार्य को करने में थोडी हिचकिचाहट हो रही थी।

विधायक ने कहा कि पिछले समय में माली समाज के पदाधिकारियों ने उनसे आग्रह किया था कि श्मशान घाट पर विद्युत शवदाह गृह बनाया जाए। शहर के एक बडे समाज एक बडे वर्ग के आग्रह के बाद इस कार्य को करने का मानस बनाया और नगर पालिकाध्यक्ष से इस कार्य को अंमाम देने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि जिस तरह से शहर बढ रहा है, पर्यावरण संरक्षण भी जरुरी है। पर्यावरण संरक्षण होगा तो जलवायु परिवर्तन भी रूकेगा। विधायक ने कहा कि सिरोही में पर्यटन की संभावना बढाने के लिए वाडा खेडा में अभ्यारण बनाया जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने 5 करोड़ रूपए स्वीकृत किए है। लोढ़ा ने कहा कि वाडा खेडा में अभ्यारण बनाने का ख्याल तंजाजिया यात्रा के दौरान आया। उन्होंने कहा कि दो साल पहले लोकसभा अध्यक्ष के साथ उन्हें विदेश जाने का अवसर मिला। इस दौरान तंजानिया की सेंचूरी देखी। उस समय पता चला कि वहां की अर्थव्यवस्था में जंगल का भी बडा योगदान है। इसके बाद इस क्षेत्र का अभ्यारण बनाने का निर्णय लिया। विधायक ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में यहां पर्यटन की संभावनाएं बढेगी। माउंट आबू आने वाले पर्यटक सिरोही के इस वाडा खेडा अभ्यारण में अपना एक दिन अवश्य बिताएंगे। उन्होंने कहा कि डिग्गीनाडी को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। शीघ्र ही समारोह पूर्वक इस कार्य का शुभारंभ करेंगे। समारोह को गणपत त्रिवेदी ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व विधायक लोढ़ा ने गांव जोशी रमेश भाई के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शवदाह गृह का विधिवत शिलान्यास किया।कार्यक्रम में पार्षद नारायणलाल परिहार, कस्तूर घांची, राजेन्द्र सिंह, जगवीर सिंह, हबीब शेख, प्रकाश मीना, जयंतीलाल सोनी, प्रवीण जैन, अरविंद परारिया, आरिफ छीपा, नरेंद्र जैन, नारायण लाल सोनी, जगदीश सोनी, जुली चौहान, रूपाराम हिंडोनिया, आलपा सरपंच नारायणलाल रावल, माली समाज अध्यक्ष शंकर लाल संदेशा ,पूर्व अध्यक्ष मांगीलाल टॉक, गौशाला अध्यक्ष बाबूलाल परिहार, मंत्री डॉ रवि शर्मा, पुरुषोत्तम मिन्हास, पूर्व प्रधान अचलाराम माली सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply