मॉडल स्कूल झाड़ोली में यूथ एंड टूरिज्म क्लब के तत्वाधान में विद्यार्थियों ने डीएसपी कार्यालय और पिंडवाड़ा पुलिस स्टेशन का शैक्षिक भ्रमण किया।

प्रधामचार्य श्याम सुंदर व्यास द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार यूथ एंड टूरिज्म क्लब का गठन सीबीएसई के नियमानुसार किया गया है। इस प्रथम विजिट में विद्यालय और क्लब की प्रेसिडेंट रिया गहलोत, छात्रा हिमांशी लखारा, साक्षी, छात्र रजत सुथार तथा खुशाल सोनी सम्मिलित रहे।

क्लब काउंसिल के सदस्य शिक्षकों में व्याख्याता मनोहर सिंह, वरिष्ठ अध्यापक मुकेश कुमार, अध्यापिका निर्मला कोली, जीगर राजपुरोहित सम्मिलित किए गए हैं।

क्लब की मासिक गतिविधियों के तहत जुलाई माह की गतिविधि हेतु विद्यार्थियों के दल ने क्लब के प्रभारी शिक्षक मुबारक हुसैन के सुपरविजन में पिंडवाड़ा पुलिस उपाधीक्षक जेठू सिंह करणोत के कार्यालय का शैक्षिक भ्रमण किया।

डीएसपी महोदय ने खुल कर विद्यार्थियों से बात की, अपने जीवन के विविध पक्षों के बारे में बताया।
विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए पुलिस उप अधीक्षक महोदय ने विद्यार्थियों को पुलिस की कार्य प्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया, पोक्सो कानून के बारे में जानकारी दी, बालिकाओं को बताया कि किस तरह वे पुलिस की सेवाओं का उपयोग कर सकती है। इसी दौरान विद्यार्थियों ने डीएसपी महोदय को डीजीपी डिस्क से सम्मानित होने पर बधाइयां देते हुए उनसे जानना चाहा कि वे किस तरह पुलिस को पीपल फ्रेंडली पुलिस बनाने के प्रयास कर रहे हैं।

विद्यार्थियों के सभी 32 सवालों का जवाब देने के पश्चात उप अधीक्षक महोदय ने विद्यार्थियों को अपने कार्यालय के विविध पक्षों से परिचित कराया।

तत्पश्चात, विद्यार्थियों का दल निकटवर्ती पुलिस स्टेशन पहुंचा जहां कार्यालय प्रधान ने उन्हें पुलिस के विविध पक्षों के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस स्टेशन के भ्रमण के दौरान ही विद्यार्थियों ने “पीपल फ्रेंडली” पुलिस के कॉन्सेप्ट को और गहराई से समझा।

इस दौरान प्रभारी शिक्षक द्वारा विद्यार्थियों की ओर से पुलिस उपाधीक्षक महोदय को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सुबह 9.30 बजे प्रारंभ हुआ ये मिशन दोपहर 12 बजे समाप्त हुआ।

Share.
Leave A Reply