*मोरली में एक साथ चार मकानों में हुई चोरी की वारदात का खुलासा नहीं, विधायक से मिले ग्रामीण*

_- विधायक संयम लोढ़ा ने ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस उच्चाधिकारियों से बात कर दिए आवश्यक निर्देश

– चार मकानों में हुई वारदात में चोर लाखों के जेवरात व नगदी चुरा ले गए थे_

शिवगंज(हरीश दवे),

विधानसभा क्षेत्र के मोरली गांव में तीन दिन पूर्व एक साथ चार मकानों में हुई चोरी की वारदात का खुलासा नहीं होने के ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। पुलिस की ओर से वारदात का खुलासा करने को लेकर कोई युक्तियुक्त जवाब नहीं मिलने पर ग्रामीण शिवगंज पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यालय में विधायक संयम लोढ़ा से मुलाकात कर वारदात की जानकारी देते हुए कार्रवाई करवाने का आग्रह किया। विधायक ने ग्रामीणों की बात सुन पुलिस के उच्चाधिकारियों से संपर्क साध वारदात का खुलासा करने के निर्देश दिए।जानकारी के अनुसार विगत 7 जुलाई को मोरली गांव के जोगाराम पुत्र दीपाराम कुम्हार, मनोज भाई पुत्र गलबाजी कुम्हार, रमेश कुमार पुत्र प्रभूजी कुम्हार तथा मांगीलाल पुत्र अचलाजी कुम्हार के मकानों में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी करते हुए लाखों रूपए के सोने चांदी के आभूषण तथा नगदी चुरा ली थी। इस मामले में पुलिस थाने में जोगाराम पुत्र दीपाराम कुम्हार की ओर से पुलिस थाना पालडी एम में रिपोर्ट देकर चोरी गए सामान की जानकारी दी थी। गांव में एक साथ चार घरों में हुई चोरी की वारदात से ग्रामीणों में भी भय का माहौल बन गया। हालात यह हो गए कि ग्रामीण खुद पहरा देने को मजबूर है। पुलिस की ओर से अभी तक चोरी की वारदात का खुलासा नहीं किए जाने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

*विधायक से मिले ग्रामीण, सहयोग का आग्रह*

मामले को लेकर सोमवार को मोरली गांव से भारी संख्या में लोग शिवगंज पहुंचे तथा यहां कांग्रेस कार्यालय में विधायक संयम लोढ़ा से मुलाकात कर उन्हें घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस की लचर गश्त व्यवस्था की वजह से चोरों के हौसलें बुलंद है। पुलिस चोरों का पता लगाने में नाकाम रहने से ग्रामीणो में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने विधायक से चोरी का खुलासा करवाने का आग्रह किया। विधायक ने ग्रामीणों की बात सुनने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बृजेश सोनी से दूरभाष पर बात कर चोरी के मामले में चल रही जांच को लेकर जानकारी ली तथा चोरी की वारदात का खुलासा करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने विधायक को भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले का शीघ्र की खुलासा करेगी।

Share.
Leave A Reply