*जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास के दम पर फिर से सत्ता में आएगी कांग्रेस सरकार : राठौड़* –
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी सह सचिव एवं सिरोही के प्रभारी सचिव विरेन्द्रसिंह राठौड ने शिवगंज में कार्यकर्ताओं से किया संवाद
– रिवर फ्रंट व नवनिर्मित पालिका भवन का अवलोकन कर कहा एक्सीलेंट
शिवगंज(हरीश दवे),
इंडियन नेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी सह सचिव एवं सिरोही के प्रभारी सचिव सिरोही जिले के अपने दो दिवसीय दौरे पर शनिवार की शाम को शिवगंज पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करते हुए कहा कि गहलोत सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास के दम पर एक बार फिर सत्ता पर काबिज होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने तथा गहलोत सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने की अपील की। इस दौरान राठौड ने पालिका प्रशासन की ओर से जवाई नदी किनारे निर्मित करवाए गए रिवर फ्रंट एवं पालिका भवन का भी अवलोकन किया।जानकारी के अनुसार जिले के प्रभारी सचिव विरेन्द्रसिंह राठौड शनिवार की शाम को शिवगंज पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री सलाहकार एवं विधायक संयम लोढ़ा व पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची ने उनकी अगुवाई की। तत्पश्चात उन्होंने कांग्रेस कार्यालय में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस मौके पर राठौड ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान पूरे प्रदेश में विकास के कई कार्य करवाएं है। विकास के कामों में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रखी गई है। राठौड ने कहा कि सिरोही में भी विधायक संयम लोढ़ा के प्रयासों से विकास के कई अभूतपूर्व कार्य हुए है। राठौड ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जनता को पूरा लाभ मिल रहा है। गहलोत सरकार ने आम जनता की भलाई के लिए ऐसी कई योजनाओं का संचालन किया है जो देश के किसी प्रदेश में लागू नहीं है और वह योजनाएं आज अन्य प्रदेशों के लिए नजीर बन गई है। आम जनता को महंगाई से राहत प्रदान करने के लिए सरकार की ओर से महंगाई राहत केम्प तथा आम समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन शहरों के संग एवं प्रशासन गांवों के संग अभियान का संचालन किया है। इन शिविरों के माध्यम से जरुरतमंदों को पूरा लाभ मिला है। यहीं वजह है कि सरकार को लेकर जनता में किसी प्रकार का कोई आक्रोश नहीं है। राठौड ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास के कार्याे के दम पर प्रदेश में एक बार फिर से कांग्रेस सत्ता पर काबिज होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी एकजूटता के साथ विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटने तथा सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का आग्रह किया। इस मौके पर उन्होंने शिवगंज में कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए अभूतपूर्व स्वागत के लिए स्थानीय विधायक एवं कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया।
*सिरोही की जनता ने जो मांगा गहलोत सरकार ने दिया*
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि सिरोही जिला जो कि प्रदेश में सबसे पिछड़े जिलों में पहचाना जाता था। इस क्षेत्र में गहलोत सरकार ने पिछले साढे चार साल में विकास के इतने काम करवाए है जितने आजादी के इतने सालों में नहीं हुए। विधायक लोढ़ा ने कहा कि सिरोही जिला शिक्षा के क्षेत्र में भी काफी पिछडा था। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मेडीकल कॉलेज, नर्सिग कॉलेज, वेटनरी कॉलेज, संस्कृत महाविद्यालय, वेद विद्यालय, एमबीए कॉलेज, लॉ कॉलेज को क्रमोन्नत करवाने सहित ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होने वाले करीब 42 विद्यालयों को सीनियर सैकंडरी में क्रमोन्नत करवाने, शिवगंज में महिला कॉलेज व कालंद्री व कैलाशनगर में राजकीय महाविद्यालय खुलवाने, अनुसूचित जाति जनजाति की बालिकाओं को शिक्षा से जोडऩे के लिए शिवगंज व सिरोही में जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास खुलवाएं है। इसके अलवा पेयजल, सडक़, चिकित्सा सहित अन्य सभी क्षेत्रों में विकास के ऐसे कई कार्य करवाए गए है जिनसे सिरोही जिला अछूता था। विधायक लोढ़ा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान हालांकि वे निर्दलीय विधायक थे, बावजूद इसके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विकास के लिए जो मांगा सिरोही को प्रदान किया है। उनका यह उपकार सिरोही की जनता कभी नहीं भूलेगी। इससे पूर्व प्रभारी सचिव राठौड एवं विधायक लोढ़ा सहित अतिथियों का ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से पुष्पहार व साफा पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया।

*रिवर फ्रंट व पालिका भवन का किया अवलोकन*
बैठक के पश्चात प्रभारी सचिव विरेन्द्रसिंह राठौड ने विधायक संयम लोढ़ा के साथ जवाई नदी किनारे पालिका प्रशासन की ओर से निर्मित करवाए गए रिवर फ्रंट एवं पालिका के नवीन भवन का अवलोकन किया। रिवर फ्रंट का अवलोकन करने के दौरान राठौड ने इसे शानदार बताया। उन्होंने आधुनिक सुविधाओं से युक्त पालिका के नवीन भवन की भी तारिफ की। प्रभारी सचिव ने रिवर फ्रंट पर विधायक सहित अतिथियों के साथ फोटो भी खिंचवाएं। *इनकी रही मौजूदगी* बैठक में प्रदेश सचिव नींबाराम गरासिया, पूर्व जिला प्रमुख अन्नाराम बोराणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रताराम देवासी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मदन माली, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नजमा सिलावट, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश मीना, मंडल अध्यक्ष पनाराम हीरागर, नरपतसिंह, पूरणसिंह बागसीन, तेजाराम, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता चित्तारा, जूली चौहान, नफीसा सिलावट, सीमा गहलोत, पार्षद हबीब शेख, कस्तुर घांची, राजेन्द्रसिंह, जगवीरसिंह गोहिल, मालमसिंह, जयंतिलाल सोनी, सहवृत सदस्य महेन्द्र राठौड, राजेन्द्र कुमार, अरविंद परारिया, जितेन्द्रसिंह राव, सुरेशसिंह राव, खीमचंद परारिया सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
