*समाज पर प्रभाव स्थापित करना पुण्य या भाज्य का ही फल : लोढ़ा*

– _भामाशाह खींचा परिवार की ओर से बनाए गए महात्मा गांधी स्कूल के नवीन भवन का विधायक ने समारोह पूर्वक किया लोकार्पण

– खींचा परिवार ने विधायक की मौजूदगी में शिक्षा विभाग को किया भवन का हस्तांतरण_

शिवगंज(हरीश दवे) ,

मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि धन दौलत तो काफी लोगों के पास होती है। लेकिन समाज में अपने प्रभाव को स्थापित करना यह कोई पुण्य या भाज्य का ही फल होता है। करीब ८० साल पूर्व बने इस ऐतिहासिक विद्यालय भवन को आज भी खींचा परिवार तीसरी पीढ़ी में भी अपने पुण्य फल से सींच रहा है। विधायक लोढ़ा मंगलवार को महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में भामाशाह खींचा परिवार की ओर से निर्मित करवाएं गए नवीन भवन के लोकार्पण समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। भामाशाह परिवार की ओर से शहर में निर्मित करवाएं गए विद्यालय भवनों में यह ऐसा पहला भवन है जिसमें दानदाता परिवार की ओर से कक्षा कक्षों में फर्नीचर, कम्प्युटर लेब तथा आधुनिक सुविधायुक्त सुलभ सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई है।विधायक लोढ़ा ने कबीरदास जी के दोहे चिंडियां चोंच भर ले गई, नदी न घटियों नीर, दान दिए धन ना घटे कह गए दास कबीर पढते हुए भामाशाह परिवार की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज से ठीक ८० वर्ष पूर्ण ४ जुलाई १९४३ को खींचा परिवार के पूर्वजों की ओर से इस ऐतिहासिक भवन की नींव रखी गई थी। तब से यह परिवार निरंतर इस विद्यालय भवन की देखरेख, यहां की आवश्यकताओं को पूरा करता आ रहा है। विधायक ने कहा कि आज खींचा परिवार का आभार व्यक्त करने के लिए उनके पास शब्द नहीं है। उन्होंने कहा कि शिवगंज शहर सदैव ही आपके परिवार का ऋणी रहेगा। आपके पूर्वजों का उपकार है इस शहर पर। यह विद्यालय भवन कई दशकों से शहर का प्रमुख शिक्षण केन्द्र रहा है। इस विद्यालय भवन से पढक़र जो लोग निकले उनमें से कई सफल व्यवसायी है तो कई विदेशों में अपनी कार्यकुशलता का परचम फहरा रहे है। कई ऐसे है जो प्रशासनिक व न्यायिक सेवाओं में कार्य कर इस शहर को गौरान्वित कर रहे है। विधायक ने कहा कि इस भवन में उनकी शिक्षा भी हुई है। अपने बचपन के दिन जो इस स्कूल में बिताएं थे उसको कभी नहीं भूल सकता। विधायक ने कहा कि खींचा परिवार और शिवगंज एक दूसरे से जुड़़े हुए है। यह परिवार हमेंशा से शिक्षा से ज़ुडा हुआ रहा है।

*स्कूल को बचाने लिए कोर्ट गया खींचा परिवार*

विधायक लोढ़ा ने कहा कि एक समय ऐसा भी आया था जब भाजपा की सरकार ने इस ऐतिहासिक स्कूल को मर्ज कर दिया। इसकी जानकारी जब खींचा परिवार को लगी तो यह परिवार इस स्कूल को बचाने के लिए हाईकोर्ट तक पहुंच गया और वहां से स्टे लेकर आया। विधायक ने कहा कि इसमें बडी बात तो यह कि जिस बेंच में आवेदन लगा था उस बेंच के जज संगीत लोढ़ा भी इसी स्कूल में पढ़े थे।

*अंग्रेजी माध्यम स्कूल मुख्यमंत्री की सोच*

इस मौके पर विधायक लोढ़ा ने कहा कि जब देश आजाद हुआ उस समय देश में केवल पांच करोड़ लोग ही पढ़े लिखे थे। आज आजादी के ७५ साल बाद १३५ करोड़ की जनसंख्या वाले इस देश में १०० करोड़ लोग शिक्षित है। हर मां बाप यह चाहता है कि उसका बच्चा अच्छा पढ़े। वह भी इंजीनियर, डॉक्टर बने। उन्होंने कहा कि बच्चे की कोई गलती नहीं होती। बच्चा यह तय नहीं कर सकता कि वह किस परिवार में पैदा होगा, उस परिवार की माली हालत क्या होगी। विधायक ने कहा कि यह मुख्यमंत्री की सोच थी कि मध्यम व निम्र वर्ग का बच्चा भी अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा ग्रहण करें। इसी सोच का परिणाम महात्मा गांधी स्कूल रहा, जो सरकारी क्षेत्र का अंग्रेजी माध्यम विद्यालय है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी माध्यम में विद्यालय प्रारंभ करने के परिणाम भी बेहतर सामने आ रहे है। समारोह को पुनित खींचा, प्रति खींचा, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने भी संबोधित किया। प्रधानाचार्या श्रीमती हेमलता चौधरी ने सभी का आभार प्रकट किया।

*भामाशाह परिवार के सदस्यों का किया बहुमान*

इस मौके पर विधायक संयम लोढ़ा ने भामाशाह परिवार के हुकमीचंद खींचा, दलपत खींचा, अशोक खींचा, ललित खींचा, दीपक खींचा, भरत खींचा, नरेश खींचा, प्रतिक खींचा, पुनित खींचा, विनित खींचा, विकास खींचा, राहुल खींचा, पुनित खींचा का साफा एवं पुष्पहार पहनाकर बहुमान किया।

इस मौके पर भामाशाह परिवार की ओर से विधायक लोढ़ा व पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची ने विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्र्यक्रम की प्रस्तुतियां दी।

*विधिवत रूप से किया लोकार्पण*

इस अवसर पर विधायक लोढ़ा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भामाशाह परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में फीता काटकर तथा शीलालेख का अनावरण कर विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इससे पूर्व भामाशाह परिवार की ओर से विधायक लोढ़ा एवं पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची सहित अतिथियों का पुष्पहार व साफा पहनाकर स्वागत सत्कार किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रताराम देवासी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मदन माली, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नजमा सिलावट, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश मीना, पूर्व अध्यक्ष महिला कांग्रेस ममता चित्तारा, कमल किशोर चित्तारा, सहवृत सदस्य राजेन्द्र माली,जूली चौहान सहित कई प्रबुद्धजन उपस्थित थे। मंच का संचालन शिक्षक नेता धर्मेन्द्र गहलोत ने किया।

Share.
Leave A Reply