स्थानीय निकाय विभाग ने डिग्गीनाड़ी सौन्दर्यकरण के लिए 5 करोड़ 38 लाख के टेंडर का किया अनुमोदन

– डिग्गीनाडी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद पालिका ने जारी किए थे टेंडर

– संबंधित ठेकेदार को पालिका बोर्ड से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद जारी किया जाएगा कार्यादेश

शिवगंज(हरीश दवे),

शहर की प्राचीन डिग्गीनाडी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से करीब 6 करोड़ रूपए की स्वीकृति मिलने के बाद पालिका की ओर से की गई टेंडर प्रक्रिया का स्थानीय निकाय विभाग ने भी अनुमोदन कर दिया है।

अब 28 जून को पालिका बोर्ड की बैठक में इसके लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित कार्यकारी एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा।

अधिशासी अधिकारी नीलकमल सिंह राणावत ने बताया कि शहर में अंग्रेजी विरासत के समय की डिग्गीनाडी का सौन्दर्यकरण करवाने के लिए विधायक संयम लोढ़ा की मंशा के अनुरूप पालिका प्रशासन ने तकमीना तैयार कर राज्य सरकार को भिजवाया था। विधायक के प्रयासों से राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री बजट घोषणा में इस कार्य के लिए करीब 6 करोड़ रूपए खर्च किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें से आधी राशि राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से खर्च की जाएगी। शेष राशि का वाहन नगर पालिका की ओर से किया जायेगा। राणावत ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से इसके लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ करने की स्वीकृति मिलने के बाद पालिका प्रशासन ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करते हुए न्यूनतम दरदाता मेसर्स रामनारायण कॉन्ट्रेक्टर को इस कार्य के लिए 5 करोड़ 38 लाख 30 हजार 279 रूपए का टेडर जारी किया गया। पालिका की ओर से की गई इस टेंडर प्रक्रिया को अनुमोदन के लिए स्थानीय निकाय विभाग के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया था। राणावत ने बताया कि स्थानीय निकाय विभाग की ओर से नगर पालिका की बैठक में इसके लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त कर संबंधित कार्यकारी एजेंसी को कार्यादेश जारी करने की स्वीकृति प्रदान की है।

*अब शीघ्र प्रारंभ होगा डिग्गीनाडी के सौन्दर्यकरण का कार्य*

राणावत ने बताया कि नगर पालिका की 28 जून को होने वाली बैठक में इस कार्य के लिए प्रशासनिक एव वित्तीय स्वीकृति प्राप्त करने के बाद कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा। इसके साथ ही नाडी के सौन्दर्यकरण का कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा। *शानदार पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगी डिग्गीनाडी* विधायक संयम लोढ़ा की मंशा के अनुरूप पालिका प्रशासन की ओर से इसके सौन्दर्यकरण का कार्य पूर्ण हो जाने के बाद यह स्थल एक शानदार पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकेगा।

पालिका सूत्रों के मुताबिक डिग्गीनाडी मे ंपानी के ठहराव सहित बीच में बने टापू पर बोट हाऊस रेस्टोरेंट के अलावा बोटिंग की सुविधा, टापू तक पहुंचने के लिए पूल, नाडी के चारों तरफ भ्रमण के लिए वॉकिग पाथ, आकर्षक रोशनी, यहां आने वाले लोगों के बैठने के लिए बेहतरीन सुविधा के अलावा सुलभ सुविधा सहित कई व्यवस्थाएं होगी। डिग्गीनाडी का सौन्दर्यकरण होने के पश्चात शिवगंज के इस क्षेत्र के भी विकसित होने की संभावनाएं भी प्रबल हो जाएगी।

Share.
Leave A Reply