रक्तदाता के रक्त से जरूरतमंदों को मिलता है जीवनदान
ग्लोबल अस्पताल ७२ अस्पतालों को मुहैया करवाता है रक्त
माउंट आबू, १८ मई।
रिपोर्ट किशनलाल,
ग्लोबल अस्पताल निदेशक डॉ. प्रताप मिढ्ढा ने कहा कि दानदाताओं की ओर से दिया गया रक्त न केवल क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों के ही काम में आता है अपितु आवश्यकता पडऩे पर जिले से बाहर उदयपुर, जोधपुर संभागों से लेकर गुजरात के समीपवर्ती क्षेत्रों के ७२ से भी अधिक अस्पतालों के मरीज यहां के रक्तदान शिविरों में एकत्रित हुए रक्त से लाभान्वित होते हैं। कई बार यहां एकत्रित हुए रक्त को ग्लोबल अस्पताल की ओर से अपने संसाधनों, स्टाफ के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों में भी भिजवाने की व्यवस्था की जाती है। अस्पताल को मिले रक्त में से यहां केवल ८ से१० फीसदी रक्त ही उपयोग में लिया जाता है शेष समीपवर्ती राजस्थान व गुजरात के ७२ अस्पतालों में रक्त मुहैया करवाया जाता है। यहां एकत्रित हुआ रक्त अधिकतर आदिवासी ग्रामीण क्षेत्रों में जाता है। जबकि उन क्षेत्रों से स्वैच्छिक रक्तदान नहीं के बराबर मिलता है। यह बात उन्होंने गुरूवार शाम ग्लोबल अस्पताल में स्थानीय नागरिकों के साथ आगामी ४ जून को ग्लोबल अस्पताल, समाजसेवी मणि भाई जोशी व श्रीमती गीता अग्रवाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जाने वाले रक्तदान शिविर की तैयारियों व इस सेवा कार्य में सहयोग करने वाले स्वयंसेवियों को दायित्वों सौंपे जाने के लिए हुई बैठक में कही।उन्होंने कहा कि रक्तदान के लिए विशेषकर युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करने को जनजागृति लाने की जरूरत है। उन्हें इस बात से अवगत कराना होगा कि रक्तदान से न केवल रक्तदाता को ही स्वास्थ्य लाभ मिलता है बल्कि उनकी ओर से दिए गए रक्त से जरूरतमंदों की जान भी बचाई जा सकती है जो अपने आप में एक महान पुण्य का कार्य है।ब्लड बैंक प्रभारी धमेंद्र सिंह ने बताया कि इस ग्लोबल अस्पताल ब्लड बैंक की ओर से हर घर रक्तदाता, घर-घर रक्तदाता, रक्त दें वक्त दें, वक्त रहते रक्त दें का नारा सार्थक किये जाने का उद्देश्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की ओर से लगाये जाने वाले रक्तदान शिविरों के माध्यम से एकत्रित किए जाने वाले रक्त से न केवल एक्सीडेंट से उत्पन्न आपातकाल स्थिति से ही मरीजों को बचाया जाता है बल्कि भाखर क्षेत्र में कई ऐसे बच्चे थेलेसीमिया से पीडि़त हैं जिनमें सिरोही, जालोर, पाली जिलों व दूरदराज भीनमाल, सांचौर से लेकर नीमच मध्यप्रदेश तक के रक्त अल्पता की व्याधि से पीडि़त बच्चे यहां आकर नियमित उपचार करवा रहे हैं। जिन्हें रक्त देकर ही जीवनदान दिया जा सकता है। क्षेत्र में बड़ी तादाद में डायलिसिस के भी पेशेंट हैं। उन्हेें भी रक्त मुहैया करवाया जाता है। यहां तक कि आबूरोड़ राजकीय अस्पताल में ही प्रतिमाह करीब ७० से ७२ यूनिट रक्त दी जाती है। जबकि वहां से किसी भी प्रकार से ग्लोबल अस्पताल को रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता है। क्षेत्र के दो सौ किलोमीटर से अधिक दायरे में रक्त मुहैया करवाया जाता है। अस्पताल के ब्लड बैंक की हर संभव यह कोशिश रहती है कि रक्त की कमी की वजह से किसी को भी जान गंवानी नहीं पड़े जिसके लिए अस्पताल के स्वैच्छिक रक्तदाताओं का सराहनीय ही नहीं अनुकरणीय सहयोग ब्लड बैंक को प्राप्त होता आ रहा है। भविष्य में इसकी और अधिक आवश्यकता की संभावनाओं को देखते हुए लोगों में रक्तदान के प्रति जनजागृति लानी होगी।इस अवसर पर पालिका पूर्व अध्यक्ष सुरेश थिंगर, पालिका नेता प्रतिपक्ष सुनील आचार्य, समाजसेवी नरपतदान चारण, शिक्षा शास्त्री श्रीमती मृदुला व्यास, शैलेष पटेल आदि ने भी विचार व्यक्त किए।

खबर 2 👇
माउंट आबू, १८ मई।
तंबाकू निषेध दिवस पर विशाल जनजागृति रैली निकाले जाने को लेकर हुई बैठक
स्कूली बच्चों के लिए आयोजित होगी चित्रकला प्रतियोगिता
विश्व तंबाकू निषेध दिवस आगामी ३१ मई को तंबाकू से होने वाले नुकसान से सावचेत करने को ग्लोबल अस्पताल की ओर से एक जनजागृति रैली का आयोजन किया जाएगा। जिसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। तंबाकू निषेध जनजागृति कार्यक्रम के लिए गुरुवार को आयोजित की गई बैठक में अस्पताल निदेशक डॉ. प्रताप मिढ्ढा ने बताया कि कार्यक्रम को व्यापक रूप देने के लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं अध्ययनरत स्कूली बच्चों में चित्रकला प्रतियोगितायें आयोजित करने से लेकर विशाल जनजागृति रैली भी होगी। जो पोलोग्राउंड से आरंभ होकर अंबेडकर सर्कल, चाचा म्युजियम चौक, रामलीला रंगमंच, आयुवेॢदक अस्पताल, सदर बाजार, मस्जिद मार्ग, नक्की मार्केट, नक्की चौक, धड़ाधड़ महादेव मंदिर, पालिका कार्यालय, लाईब्रेरी चौक, जंगल कॉर्नर, तिब्बतन मार्केट आदि स्थानों से होते हुए ब्रह्माकुमारी संगठन के आध्यात्मिक संग्रहालय में पहुंचकर आम सभा में तबदील होगी। जनजागृति यात्रा के दौरान लोगों को जानकारी दी जाएगी कि चबाने वाले तंबाकू का सेवन बीड़ी और सिगरेट से भी अधिक घातक है। सिगरेट, खैनी, गुटका आदि विभिन्न रूपों के माध्यम से तंबाकू का सेवन किए जाने से विश्व भर में लाखों लोग प्रतिवर्ष तंबाकू के सेवन से असमयिक मौत के शिकार हो जाते हैं। तंबाकू सेवन से हृदय रोग, ब्रोन्काइटिस, दमा, उच्च रक्तचाप, दुर्बलता, मोतियाबिंद, बांझपन, पेट का अलसर, नंपुसकता, सांस के रोग, डायबिटिज, सभी तरह के कैंसर, ब्रेन अटैक, ब्रेन हैंब्रेज आदि व्याधियों का खतरा बढ़ जाता है। जिससे समय रहते स्वस्थ जीवन लंबी आयु के लिए किसी भी आयु वर्ग के लोगों को हर सूरत में तंबाकू व तंबाकूजन्य उत्पादों का सेवन करना नितांत हानिकारक है। इस अवसर पर संजय विश्राम, पीयूष गोयल, हरनाम सिंह, मणि भाई जोशी, दीपक त्रिपाठी, सलिल कालमा, टेकचंद भंभाणी, नीरज शर्मा समेत बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।
