सिरोही । राजस्थान ।
*महंगाई राहत शिविर में सवा लाख परिवारों को मिला परिवारिक लाभ : लोढ़ा*
– _राहत शिविर के एक पखवाड़े में जिले में हासिल की 50 फीसदी उपलब्धि_
*शिवगंज(हरीश दवे),
राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के नागरिकों को महंगाई से राहत प्रदान करने के लिए प्रारंभ किए गए महंगाई राहत शिविरों के माध्यम से सिरोही जिले में पहले ही पखवाडे में जिले के कुल 2 लाख 1 हजार 785 परिवार जो सरकारी योजनाओं का लाभ उठाते है, उनमें से करीब सवा लाख परिवारों को इन शिविरों के माध्यम से जोडक़र उनका सरकार की सभी दस योजनाओं के लिए पंजीयन करने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। जिले में चलाए जा रहे शिविरों के माध्यम से अब तक 1 लाख 12 हजार 65 परिवारों को पारिवारिक लाभ प्रदान किया जाकर मुख्यमंत्री राहत कार्ड का वितरण किया गया है। यह बात मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढा ने शुक्रवार को पंचायत समिति क्षेत्र के मनादर में आयोजित महंगाई राहत केम्प के निरीक्षण के बाद उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही।

इस मौके पर विधायक ने पंजीकृत परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कार्ड का भी वितरण किया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी डॉ नरेश सोनी, तहसीलदार श्रीमती नीरज कुमारी, विकास अधिकारी सुश्री हेमलता बिश्नोई, मनादर सरपंच सुमित्रा रावल, पूर्व प्रधान अचलाराम माली सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के नागरिकों को महंगाई से राहत प्रदान करने के लिए एक पखवाड़े पूर्व प्रारंभ किए गए महंगाई राहत केम्पों के माध्यम से जिले में 2 लाख 1 हजार 785 लाभांवित परिवारों में से अब तक 1 लाख 12 हजार 65 परिवारों को पारिवारिक लाभ प्रदान किया गया है। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों व कार्यकर्ताओं की तारिफ करते हुए कहा कि राहत केम्प के पहले पखवाड़े के खत्म होते होते जिले 50 फीसदी परिवारों को पारिवारिक लाभ प्रदान किया जाकर उपलब्धि हासिल की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की दस योजनाओं से अभी तक जो परिवार लाभांवित नहीं हुए है, उनको भी आने वाले दिनों में महंगाई राहत केम्पों से जोडक़र लाभ प्रदान किया जाएगा। *पहले ही पखवाडे में हासिल किया 50 फीसदी लक्ष्य* विधायक लोढ़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की जनता को महंगाई से राहत प्रदान करने और सरकार की प्रमुख योजनाओं से जोडऩे के लिए प्रारंभ किए गए महंगाई राहत केम्प की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पहले पखवाडे के खत्म होते होते लाभांवित परिवारों को पारिवारिक लाभ प्रदान करने का 50 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। सरकार का फैसला है कि इस प्रकार के शिविर 30 जून तक चलाए जाए ताकि योजनाओं से लाभांवित सभी परिवारों को लाभ प्रदान किया जाए। जिले में अभी तक जो आंकड़े उपलब्ध हुए है, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस प्रकार के शिविर का जनता पूरा लाभ उठा रही है। *दस योजनाओं में किया गया लाभांवित* विधायक लोढ़ा ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से जो दस योजनाएं चलाई जा रही है उनमें गैस सिलेंडर योजना, मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना घरेलू उपभोक्ता, मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना कृषि उपभोक्ता, मुख्यमंत्री नि:शुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना, महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना, कामधेनू पशु बीमा योजना में इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को राहत प्रदान की गई है। *सभी लाभांवित परिवारों को लाभ मिले यहीं लक्ष्य* विधायक लोढ़ा ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा है कि महंगाई राहत केम्पों के माध्यम से सभी लाभांवित परिवारों को इन योजनाओं का पूरा लाभ मिले। इसके पूरे प्रयास किए जा रहे है। इन शिविरों मे जिस तरह से कार्य चल रहा है उससे यही प्रतीत होता है कि यह लक्ष्य समय सीमा से पूर्व ही प्राप्त कर लिया जाएगा।
विधायक ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जो परिवार अभी तक इन शिविरों के माध्यम से दस योजनाओं में पंजीकरण नहीं करवा सके है वे भी शिविर स्थल अथवा पंचायत समिति या नगर पालिका में चल रहे स्थाई शिविर में पहुंचकर अपना पंजीयन करवा सकते है।
