सिरोही, राजस्थान ।
(हरीश दवे) ,
सिरोही जिला हज वेलफेयर कमेटी एवं चिकित्सा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हज 2023 में जाने वाले हज यात्रियों के लिए टीकाकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया । हज यात्रियों को मारवाड़ हज वेलफेयर सोसायटी जोधपुर के प्रतिनिधियों ने हज यात्रा के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया ।सिरोही हज कमेटी के सह संयोजक जावेद खान जई ने बताया कि इस बार सिरोही जिले से कुल 34 हज यात्री यात्रा पर जा रहे हैं । मेडिकल टीम द्वारा मेडिकल जांच कर टीकाकरण किया एवं मारवाड़ वेलफेयर सोसायटी के प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण दिया। मारवाड़ वेलफेयर सोसायटी के जनरल सेक्रेटरी हाजी अब्दुल जब्बार ने हज यात्रियों को मुबारकबाद देते हुए हज यात्रा की संक्षिप्त जानकारी दी ।
सोसायटी के डायरेक्टर हाजी इकराम ने हज यात्रा के दौरान आवास, यातायात, भोजन, चिकित्सा, एवं प्रशासनिक व्यवस्था की विस्तार से जानकारी दी । सोसायटी के नायब सदर जाकिर हुसैन ने हज यात्रा के दौरान किए जाने वाले अरकानों से संबंधित जानकारी दी ।
सोसाइटी के कार्यकारी सदस्य अब्दुल सलाम ने एहराम बांधने का तरीका और इस्लामी बातों की जानकारी दी । जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय के कार्यक्रम अधिकारी रमेश कुमार चौधरी ने मंगल यात्रा पर जाने वाले सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दी । सभी हज यात्रियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया ।

हाजियों के टीकाकरण में चिकित्सा विभाग की टीम के सदस्य डॉ दीपक कुमार सुखवाल, दिलावर खान, इरफान खान, निकहत परवीन, मनोज मिस्त्री ने चिकित्सा व्यवस्था में सहयोग किया । हज यात्रियों के प्रशिक्षण एवं टीकाकरण में सिरोही जिला हज वेलफेयर कमेटी के सह संयोजक हाजी सफी मोहम्मद, इनामुल हक कुरैशी, कदीर रजा, इनायत खान, शकूर भाई घोसी, फरहान छीपा, सलीम खान जई, फारूक, मोहम्मद आकिब ने संपूर्ण व्यवस्था में सहयोग दिया ।
कार्यक्रम के अंत में सिरोही जिला हज वेलफेयर कमेटी के सहसंयोजक जावेद खान जई ने मारवाड़ हज वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों, चिकित्सा विभाग की टीम के सदस्यों ,सभी हज यात्रियों एवं सहयोग करने वालों का आभार व्यक्त किया ।

