प्रवासी राजस्थानी विद्यार्थियों को सुरक्षित घर पहुंचाना सरकार की पहली जिम्मेदारी – महिला एवं बाल विकास मंत्री
टीम गठित कर विद्यार्थियों को सुरक्षित पहुंचाने का अभियान शुरू – उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री
जयपुर । V24NEWS ।
राज्य सरकार द्वारा मणिपुर में फंसे प्रवासी राजस्थानी विद्यार्थियों को सुरक्षित उनके निवास स्थान तक पंहुचाने का प्रयास ‘ऑपरेशन इम्फाल’ आरम्भ हो गया है। इसके तहत सोमवार रात्री 8.30 बजे कोलकाता से सांगानेर एयपोर्ट पर 25 छात्र-छात्राओं का दूसरा दल पहुंचा। इससे पूर्व पहली फ्लाइट से 26 विद्यार्थियों का पहला दल सायं 5.30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचा था।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती ममता भूपेश ने विद्यार्थियों का आत्मीयता से स्वागत करते हुए कहा कि बच्चों की पढाई अवश्य बाधित हुई है लेकिन अब अपने निवास स्थान पर पहुंच कर वे निश्चितंता से रह कर आगे की पढाई कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि बच्चों को इम्फाल से कोलकाता तथा वहां से जयपुर तक पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है, इसके लिए सरकार आगे भी प्रयास करती रहेगी।उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्रीमती शकुन्तला रावत ने बच्चों का स्वागत करते हुए कहा कि इन विद्यार्थियों को पूरी तरह से सुरक्षित उनके निवास तक पंहुचाने के लिए राजस्थान फाण्डेशन की ओर से टीम गठित की गई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने इससे पूर्व भी अपने मानवीय दृष्टिकोण और संवेदना का परिचय देते हुए युक्रेन और सूडान जैसे देशो में विकट हालातों के दौरान प्रवासी राजस्थानियों को सुरक्षित निकाल कर उनके निवास स्थानों तक पहुंचाया था।




