शिवगंज, सिरोही ।
हरिश दवे,
*मुख्यमंत्री ने आम जन को राहत पहुंचाने वाली योजनाओं का पहनाया अमलीजामा :लोढ़ा*
– _विधायक संयम लोढ़ा व मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने मोरली में आयोजित शिविर मे लिया भाग_
मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हमेशा प्रदेश की जनता को किस तरह से सुख सुविधा मिले, किस प्रकार से राहत मिले इसके बारे में सोचते है और इससे जुड़ी योजनाओं को अमलीजामा पहनाते है।
विधायक ने कहा कि गहलोत सरकार ने महंगाई राहत कैम्प प्रारंभ कर नागरिकों को बड़ी राहत देने का कार्य किया है। विधायक लोढ़ा बुधवार को शिवगंज पंचायत समिति के मोरली गांव में आयोजित महंगाई राहत शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। शिविर का मुख्य कार्यकारी अधिकारी टी सुमंगला ने भी निरीक्षण कर शिविर में प्राप्त होने वाले परिवादों का तत्काल प्रभाव से निराकरण करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि राज्य की अशोक गहलोत सरकार का ध्येय है कि प्रदेश की जनता को महंगाई से राहत मिले, उनके पैसों की बचत हो ओर वे आगे बढ़े। इसी ध्येय के साथ प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। प्रदेश के लोगों को महंगाई से राहत देने के लिए आयोजित किए जा रहे इस प्रकार के कैम्प नि:संदेह मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सरकार की सभी दस योजनाओं का लाभ मिले इसके प्रयास होने चाहिए।

*विकास के कामों में कोई कमी नहीं*
विधायक लोढ़ा ने कहा कि विकास के कामों में प्रदेश सरकार ने कोई कोर कसर नहीं रखी है। सिरोही जिले के लिए जो मांगा वो मिला है। विधायक ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि सिरोही जिला प्रदेश से अग्रणी जिलों में शुमार हो, इसके लिए वे दिन रात प्रयास कर रहे है। यह कार्य आप सभी के सहयोग से पूरा हो सकता है। उन्होंने गहलोत सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सबसे पहले अशोक गहलोत ने प्रदेश में इस योजना को लागू किया था उस समय पांच सौ रूपए पेंशन की गई थी। उसके बाद प्रदेश में जब भाजपा की सरकार आई पूरे पांच साल तक एक रूपया भी इस योजना में नहीं बढाया गया। उसके बाद गहलोत सरकार सत्ता में आई तो पेंशन सात सौ पचास रूपए की गई और अब महंगाई राहत कैम्प में रजिस्ट्रेशन करवाते ही आपकी पेंशन एक हजार रूपए हो जाएगी।

विधायक ने कहा कि राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य है जहां गैस सिलेंडर 500 रूपए में उपलब्ध होगा। विधायक लोढ़ा ने कहा कि राज्य की गहलोत सरकार की ओर से लागू की गई चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना के तहत अब तक नागरिकों को 10 लाख रूपए के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध हो रही थी। लेकिन अब परिवार का रजिस्ट्रेशन होते ही यह सीमा बढकर 25 लाख रूपए हो जाएगी। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने किसानों की पीड़ा को समझते हुए किसानों के लिए 2 हजार युनिट तक की बिजली मुफ्त कर दी है। जिसका किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उसे बड़ी राहत मिलेगी। विधायक ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को स्वाभिमान के साथ जीने का हक गहलोत सरकार ने दिया है।
*महंगाई राहत कार्ड व पट्टों का वितरण*
इस मौके पर विधायक लोढ़ा एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी टी सुमंगला ने 455 महंगाई राहत गारंटी कार्ड ,12 पुश्तैनी आवास के पट्टे वितरित किए।
शिविर में उपखण्ड अधिकारी डॉ नरेश सोनी, तहसीलदार नीरज कुमारी, विकास अधिकारी हेमलता बिश्नोई, अतिरिक्त विकास अधिकारी श्यामसुंदर सिंह,सहायक विकास अधिकारी मोहनलाल, सरपंच संतोष देवी, ब्लॉक अध्यक्ष रताराम देवासी, पीसीसी सदस्य हरीश राठौड,पशु चिकित्सा अधिकारी शिवलाल नोगिया, सहायक अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग नितिन कुमार, सार्वजनिक निर्माण विभाग दामोदर देवासी, नायब तहसीलदार दीपक बंजारा, भू अभिलेख निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ,भूराभाई, गेनाराम मीना, ब्लॉक समन्वयक एसबीएम वसीम अकरम, सांख्यिकी अधिकारी श्यामलाल बगेडिया,ग्राम विकास अधिकारी रविन्द्रपाल सिंह, गणपत सियाग,पटवारी गायत्री कुमारी,समाजसेवी शंकरलाल, रविन्द्र रावल,कनिष्ठ सहायक प्रकाश मीणा सहित 23 विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
