शिवगंज(हरीश दवे),
दुर्घटना के घायल दंपति को विधायक लोढ़ा ने अपने वाहन में पहुंचाया अस्पताल ।
– _गौतमजी मेले से लौटते समय राडबर जीएसएस के समीप सडक़ किनारे भीड़ देख रुके थे विधायक_
गौतमजी मार्ग पर राडबर जीएसएस के समीप शुक्रवार की शाम को एक अज्ञात कार ने मोटरसाइकिल पर जा रहे दंपति को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए दंपति को वहां से गुजर रहे विधायक संयम लोढ़ा ने अपने वाहन में तत्काल अस्पताल पहुंचाकर मानवता का उदाहरण प्रस्तुत किया है।जानकारी के अनुसार राडबर गांव निवासी ईश्वरसिंह पुत्र भंवरसिंह एवं उनकी पत्नी विमल कुंवर शुक्रवार को जिला अस्पताल में भर्ती अपने किसी रिश्तेदार को देखने के लिए आए थे। वे दोनों यहां से करीब चार बजे राडबर के लिए निकले थे। करीब साढ़े चार बजे वे राडबर जीएसएस के समीप पहुंचे ही थे कि एक अज्ञात कार ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में ईश्वरसिंह एवं उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान वहां काफी संख्या में लोग भी इकठ्ठा हो गए।
उसी समय गौतमजी दर्शन कर शिवगंज लौट रहे विधायक संयम लोढ़ा ने भीड़ को देख अपना वाहन रूकवाया। मौके पर दंपति को घायल देख तत्काल ही अपने गनर एवं नागरिकों की मदद से दोनों को अपने वाहन में बैठाकर तत्काल ही जिला अस्पताल लाया। इधर, सूचना मिलते ही प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ अखिलेश पुरोहित भी अस्पताल पहुंच गए थे। जिन्होंने चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों की मदद से तत्काल ही दंपति का उपचार प्रारंभ करवाया।
जानकारी मिली है कि ईश्वरसिंह के सिर व हाथ में गंभीर चोटे लगी है। दुर्घटना में घायल हुए दंपति को तत्काल ही अपने वाहन में अस्पताल पहुंचाने तथा उपचार प्रारंभ करवाने के लिए उनके परिजनों ने विधायक का आभार प्रकट किया है।

