शिवगंज(हरीश दवे),

*शिवगंज का गोकुलवाडी विद्यालय महात्मा गांधी स्कूल में रूपांतरित* –

_विधायक संयम लोढा के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र में तीन नए एमजीवी खुले_

सरकारी विद्यालयों में भी निजी विद्यालयों के समकक्ष अंग्रेजी शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से प्रारंभ किए गए महात्मा गांधी विद्यालयों को बढावा देने के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने प्रदेश के 450 विद्यालयों को महात्मा गांधी विद्यालय अंग्रेजी माध्यम में रूपांतरित किया है। इनमें सिरोही जिले के आठ ऐसे विद्यालय है जिनकों रूपांतरित किया गया है। इन विद्यालयों में शिवगंज के गोकुलवाडी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय अब महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में रूपांतरित किया गया है।जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा निदेशक की ओर से जारी आदेश में सिरोही विधानसभा क्षेत्र के शिवगंज स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गोकुलवाडी एवं राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय उथमण एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मंडवारिया को महात्मा गांधी विद्यालय में रूपांतरित किया गया है। इसके अलावा जिले में राजकीय माध्यमिक विद्यालय देलवाडा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय तोरणा पिंडवाडा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लुनियापुरा रेवदर, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बस स्टेंड पिंडवाडा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नंबर एक पिंडवाडा को महात्मा गांधी विद्यालय बनाया गया है। गौरतलब है कि जिले में शिक्षा को बढावा मिले इसके लिए सिरोही शिवगंज विधायक एवं मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढा निरंतर प्रयासरत रहे है। उनके प्रयासों से सिरोही में वर्तमान में संचालित महाविद्यालयों को क्रमोन्नत करवाना हो या फिर नए महाविद्यालय खोलने हो उसके लिए अथक प्रयास किए है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पढऩे वाले बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़े इसके लिए करीब 40 विद्यालयों को सीनियर सैकंडरी स्कूल में क्रमोन्नत करवाने तथा नए महात्मा गांधी विद्यालय खुलवाने का कार्य किया है। सिरोही शिवगंज विधानसभा क्षेत्र में शिवगंज, उथमण एवं मंडवारिया के इन विद्यालयों के महात्मा गांधी विद्यालय में रूपांतरित होना विधायक लोढ़ा के ही प्रयासों का परिणाम है। इन विद्यालयों के महात्मा गांधी विद्यालय में रूपांतरित करवाने के लिए आम जन ने विधायक लोढ़ा का आभार प्रकट किया है।

Share.
Leave A Reply