धार्मिक आयोजन सामाजिक ताने बाने को मजबूत बनाते है : लोढ़ा

विधायक लोढ़ा ने तलेटा गांव में मेघवाल समाज की ओर से आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में की शिरकत

शिवगंज(हरीश दवे) ,

उपखंड के तलेटा गांव में रविवार को मेघवाल समाज की ओर से गाठाणी माताजी मंदिर पर वार्षिक मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर मेघवाल समाज के लोगों से मुलाकात की तथा माताजी मंदिर में दर्शन कर अमन चेन और खुशहाली की कामना की।इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लोढ़ा ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में धर्म और आध्यात्म मजबूत स्तंभ है। धर्म ही एक ऐसा पहलू है जो व्यक्ति को आपस में जोड़े रखता है। विधायक ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक ताने बाने को तो मजबूत करते ही है, एक दूसरे के बीच प्रेम और सौहार्द को भी बढ़ावा देते है। इस मौके पर विधायक लोढ़ा ने मेघवाल समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि समाज को आगे बढ़ाना है तो समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर कर शिक्षा को बढ़ावा देना होगा। हमें यह संकल्प लेना होगा कि लडक़ा हो या लडक़ी हम उसे स्नातक तक की शिक्षा अवश्य दिलाएंगे। विधायक ने कहा कि जब तक समाज के शिक्षा का प्रचार प्रसार नहीं होगा तब तक समाज विकास की राह पर आगे नहीं बढ सकता। उन्होंने कहा कि पिछले चार साल में विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए है जो आगे चलकर मील का पत्थर साबित होंगे। इस मौके पर विधायक ने मेघवाल समाज के लोगों को भरोसा दिलाया कि समाज के किसी भी कार्य के लिए वे कोई कमी नहीं रखेंगे। इससे पूर्व विधायक लोढ़ा का मंदिर परिसर में पहुंचने पर मेघवाल समाज की ओर से साफा एवं पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात विधायक ने मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या में शिरकत की। भजन संध्या में भजन कलाकार प्रमिला परमार एवं सुरेश राव ने देर रात तक एक से बढक़र एवं उम्दा भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को भक्तिरस से सराबोर किया। मंदिर के वार्षिक मेले को लेकर दिन भर कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेघवाल समाज के कई प्रबुद्धजन एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply