भारत विकास परिषद्, राजस्थान पश्चिम प्रान्त के चुनाव सम्पन्न, प्रांतीय अध्यक्ष शर्मा,महासचिव राठी व वित्त सिंघवी निर्वाचित ।
जोधपुर/सिरोही(हरीश दवे),
भारत विकास परिषद् राजस्थान पश्चिम प्रान्त की प्रान्तीय परिषद् बैठक में वर्ष 2023 – 24 हेतु प्रान्तीय कार्यकारिणी के तीन शीर्ष पदों के चुनाव सम्पन्न हुए । जालोर शाखा के आतिथ्य में सम्पन्न बैठक में जगदीश प्रसाद शर्मा को प्रान्तीय अध्यक्ष, डॉ. प्रदीप कुमार राठी को प्रान्तीय महासचिव तथा दिनेश कुमार सिंघवी को प्रान्तीय वित्त सचिव चुना गया । शर्मा व राठी तीसरी बार अध्यक्ष व महासचिव चुने गए हैं । क्षेत्रीय चुनाव अधिकारी विनोद आढा ने चुनाव परिणाम घोषित किये ।यह जानकारी देते हुए भाविप देवनगरी सिरोही शाखा के सचिव कैप्टन नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि इस अवसर पर आयोजित प्रान्तीय परिषद् बैठक में प्रान्त की 27 शाखाओं से लगभग 150 प्रतिनिधि उपस्थित हुए । इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्गा दत्त शर्मा ने अपने मार्गदर्शन में कहा कि हमें परिषद् जैसे प्रतिष्ठित समाजसेवी संगठन के माध्यम से समाज की सेवा करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है । कार्यकर्ता तन मन धन से इस पावन कार्य में पूर्ण समर्पण से जुटे हुए हैं । उन्होंने किये गये सेवा और संस्कार कार्यों की निरन्तर समीक्षा करते हुए उन्हें और उपयोगी व प्रभावी बनाने का आव्हान किया ।देवनगरी सिरोही शाखा सचिव नरेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि बैठक में प्रान्तीय अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने स्वागत उद्बोधन एवं अभिभाषण दिया, प्रान्तीय महासचिव डॉ. प्रदीप राठी ने प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा वित्त सचिव धनराज व्यास ने लेखा प्रस्तुत किया । शाखा सचिवों ने अपनी अपनी शाखा का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया । इस अवसर पर सेवा कार्यों हेतु गठित कोर्पस फण्ड में सहयोग करने पर श्याम कुम्भट को विकास रत्न तथा 15 कार्यकर्ताओं को विकास मित्र सम्मान प्रदान किया गया । पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पर्यावरण मित्र राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित मथानिया शाखा के पूर्व अध्यक्ष चान्दरतन डागा का अभिनन्दन किया गया । बैठक में क्षेत्रीय सचिव – संस्कार डॉ. राम कुमार जोशी, क्षेत्रीय सचिव – सेवा भवानी शंकर गौड़, क्षेत्रीय सचिव महिला एवं बाल विकास श्रीमती प्रमिला गहलोत, प्रान्तीय संरक्षक डॉ. द्वारका लाल माथुर, प्रान्तीय उपाध्यक्ष – संस्कार पदमाराम चौधरी, प्रान्तीय उपाध्यक्ष – सेवा रामाकिशन भूतड़ा, प्रान्तीय महिला संयोजक श्रीमती इन्दु शर्मा सहित, समस्त जिला समन्वयक, समस्त प्रकल्प प्रभारी एवं शाखा दायित्वधारी उपस्थित थे । बैठक का कुशल संचालन प्रान्तीय मीडिया प्रभारी एडवोकेट महेन्द्र गहलोत ने किया तथा प्रान्तीय संगठन सचिव डॉ. विष्णु दत्त दवे ने आभार ज्ञापित किया । राष्ट्रगान के साथ बैठक सम्पन्न हुई ।

