शिक्षा के लिए सभी को संकल्प लेने की जरुरत : लोढ़ा
कैलाशनगर में मेघवाल समाज की ओर से आयोजित रामसा पीर के मेले में विधायक ने की शिरकत, समाज के लोगों से ही शिक्षा को बढ़ावा देने की अपील
शिवगंज(हरीश दवे) ,
मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि शिक्षा के बिना कोई भी समाज विकास नहीं कर सकता। इसके लिए जरुरी है कि समाज के लोग शिक्षा के लिए यह संकल्प अवश्य ले कि चाहे हमें अपने खर्चो में कटौती करनी पड़े, लेकिन हम अपने बच्चों के अध्ययन की राह अवश्यक प्रशस्त करेंगे। विधायक लोढा मंगलवार की शाम को कैलाशनगर में मेघवाल समाज की ओर से बडा वास में स्थित बाबा रामदेव मंदिर के वार्षिकोत्सव पर आयोजित समारोह में समाज के लोगों को संबोधित कर रहे थे।विधायक ने कहा कि हमारा जिला शिक्षा के क्षेत्र में काफी पिछडा हुआ है। इसकी प्रमुख वजह यह है कि लोग शिक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। आज भी हालात यह है कि गांवों में लोग अपने बच्चों की शिक्षा पर ध्यान नहीं दे रहे है। विधायक ने कहा कि किसी भी समाज का विकास शिक्षा के बिना संभव नहीं है। इसके लिए हमें संकल्प लेने की जरुरत है कि चाहे हमें एक रोटी कम खानी पड़े, नशा नहीं कर अपने पैसे बचाएं और उस पैसे का उपयोग बच्चों की पढ़ाई के लिए करें। साथ ही यह भी संकल्प जरुर ले कि चाहे कुछ भी हो जाए लडका हो या लडक़ी उसे स्नातक तक की शिक्षा अवश्य प्रदान करवाएंगे। विधायक ने कहा कि विधायक निर्वाचित होने के बाद से ही वे निरंतर शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रहे है। विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के लिए सभी बालिका स्कूलों को सीनियर सैकंडरी तक क्रमोन्नत करवाया गया है ताकि बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना नहीं पड़े। इसके अलावा उच्च शिक्षा के लिए सिरोही में कन्या महाविद्यालय को क्रमोन्नत करवाने के साथ ही कालंद्री व शिवगंज में कन्या महाविद्यालय खुलवाएं गए है। हाल ही में कैलाशनगर में भी महाविद्यालय की स्वीकृति प्रदान करवाई गई है। अब कैलाशनगर में महाविद्यालय खुलने के बाद यहां के बच्चों को सिरोही व शिवगंज आने जाने की दिक्कतों से निजात मिल सकेगी। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि मेघवाल समाज में बाबा रामदेव के प्रति असीम आस्था है। कोई भी गांव हो मेघवाल समाज की ओर से बाबा रामदेव का एक मंदिर अवश्य बनाया गया है। उन्होंने बाबा रामदेव मंदिर के वार्षिकोत्सव पर समाज के लोगों को शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व विधायक ने बाबा रामदेव मंदिर में पूजा अर्चना कर रामसा पीर से क्षेत्र में खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर विधायक के बडा वास पहुंचने पर मेघवाल समाज की ओर से परंपरागत रूप से साफा एवं पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर भजन संध्या का भी आयोजन किया गया जिसमें विधायक ने शिरकत की। कार्यक्रम में मेघवाल समाज के कई प्रबुद्धजन एवं गणमान्य ग्रामीण व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
