जिला चिकित्सालय के नवीन भवन का होगा शिलान्यास
- राज्य के चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीना समारोह पूर्वक करेंगे भूमि पूजन व शिलान्यास ।
सर्किट हाउस में चिकित्सा मन्त्री होंगे पत्रकारों से रूबरू।
शिवगंज(हरीश दवे) , सिरोही विधायक संयम लोढ़ा के प्रयासों से शिवगंज उपखंड क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को जिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत करवाने के बाद अब ५० करोड़ ८८ लाख रूपए की लागत से नवीन भवन का सपना भी शीघ्र ही साकार होने जा रहा है। नवीन भवन का मंगलवार को राज्य के चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीना समारोह पूर्वक भूमि पूजन एवं शिलान्यास करेंगे।राजकीय जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ अखिलेश पुरोहित ने बताया कि स्वामी विवेकानंद गार्डन के सामने कृषि मंडी परिसर में निर्मित होने वाले जिला चिकित्सालय भवन का शिलान्यास मंगलवार की सुबह १० बजे राज्य के चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीना करेंगे। इस अवसर पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता विधायक संयम लोढ़ा करेंगे। समारोह के अति विशिष्ठ अतिथि सांसद देवजी पटेल तथा नीरज डांगी होंगे। विशिष्ठ अतिथि के रूप में जिला कलक्टर डॉ भंवरलाल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती ममता गुप्ता तथा पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची होंगे। समारोह स्थल पर तहसीलदार श्रीमती नीरज कुमारी के निर्देशन में सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
