11 फरवरी को रास्ट्रीय लोक अदालत को लेकर निकली जागरूकता रैली,
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जागरूकता रैली को दिखाई सेशन जज ने हरी झण्डी।
सिरोही(हरीश दवे)- 11 फरवरी को आयोज्य राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के क्रम में आमजन में लोक अदालत के संबंध में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज सवेरे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही के तत्वाधान में एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। प्राधिकरण के सचिव रामदेव सांदू ने बताया कि रैली को जिला एवं सेंशन न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही श्रीमती रूपा गुप्ता द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। रैली अहिंसा चैराहा से बस स्टैण्ड चौराहा होते हुए सरजावाव दरवाजा होते हुए पैलेस रोड़ से सारणेश्वर लाइब्रेरी परिसर में विसर्जित की गई। रैली की विशेषता यह रही कि जिला न्यायाधीश महोदया सहित विशिष्ठ न्यायाधीश पोक्सो प्रकरण जगेन्द्र अग्रवाल, विशिष्ट न्यायाधीश अजा0अजजा0 वमिता सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महेन्द्र प्रताप भाटी, न्यायिक मजिस्ट्रेट सुधीर चौहान, अध्यक्ष जिला अभिभाषक संघ, सिरोही भंवर सिंह देवड़ा, लोक अभियोजक दिनेश राजपुरोहित, अधिवक्ता भैरूपाल सिंह बालावत, गोविन्द राणा व जिला मुख्यालय के न्यायिक कर्मचारीगण ने रैली की अगुवाई की। रैली में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नवीन भवन, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
“सार्वजनिक अपील”
प्राधिकरण के सचिव रामदेव सांदू ने बताया कि पक्षकार चाहे तो अपने अधिवक्ता के माध्यम से अथवा स्वयं भी अपने प्रकरण को राष्ट्रीय लोक अदालत में रैफर करवा सकते है। प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती रूपा गुप्ता ने पक्षकारों से अपील की है कि वे न्यायालय में लम्बित अपने प्रकरण को लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित करवाकर इस अवसर का लाभ उठावें। उन्होने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत अथवा मासिक लोक अदालतों के माध्यम से अपना प्रकरण निस्तारित करवाने पर पक्षकार को निम्नानुसार फायदे मिलते हैं जिसमे‘‘प्रथमतः सस्ता एवं सुलभ न्याय, द्वितीय सिविल कोर्ट के आदेश की तरह पालना, तृतीय कोर्ट फीस की वापसी, चतुर्थ अन्तिम रूप से प्रकरण का निपटारा, पंचम समय की बचत।पक्षकार अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही अथवा तालुका विधिक सेवा समिति (न्यायालय परिसर) आबूरोड, आबूपर्वत, पिण्डवाडा, शिवगंज, रेवदर के कार्यालय में संपर्क कर सकते है अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरोही के दूरभाष 02972-294034 पर संपर्क कर सकते हैं।
