वर्तमान समय में शिक्षा बेहद जरुरी : लोढ़ा
राडबर भागली व चोटिला भागली के विद्यालयों को क्रमोन्नत करवाने पर ग्रामीणों ने किया विधायक का अभिनंदन ।
शिवगंज(हरीश दवे)- मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि आजादी के बाद से निरक्षरता को खत्म करने के लिए पिछली सरकारों की ओर से निरंतर प्रयास किए गए है। बावजूद इसके हमारा जिला आज भी शिक्षा के क्षेत्र में काफी पिछड़ा हुआ है। ऐसे में आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने बच्चों को शिक्षा प्रदान करवाने के प्रति जागरुक बने। प्रत्येक बच्चें को बेहतर शिक्षा मिले इसके लिए उन्होंने पिछले चार साल में विद्यालयों का आधारभूत ढांचा बदलने तथा जहां आवश्यकता है वहां विद्यालयों को क्रमोन्नत करवाया गया है। आज के समय में शिक्षा बेहद जरुरी है। इसके बिना आगे बढऩे की कल्पना ही नहीं की जा सकती। विधायक लोढ़ा सोमवार को उपखंड के राडबर भागली एवं चोटिला भागली के प्राथमिक विद्यालयों को इसी सत्र से क्रमोन्नत करवाए जाने पर चोटिला की भागली में दोनों गांवों की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।समारोह में विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पिछले चार सालों के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश विद्यालयों को क्रमोन्नत करवाया गया है। जो प्राथमिक विद्यालय थे उन्हें उच्च प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों को सीनियर सैकंडरी स्कूल में क्रमोन्नत करवाया गया है। ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी विशेषकर बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे गांव जाने की आवश्यकता नहीं हो। विधायक ने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सिरोही के कन्या महाविद्यालय को स्नात्तकोत्तर में क्रमोन्नत करवाने के अलावा कालंद्री तथा शिवगंज में नए कन्या महाविद्यालय खुलवाएं गए है। विधायक ने कहा कि उनकी इच्छा है कि क्षेत्र का प्रत्येक बच्चा फिर चाहे वह लडक़ा हो या लडक़ी स्नातक तक की पढ़ाई अवश्य करें। विधायक लोढ़ा ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों को निजी विद्यालयों की तरह अंग्रेजी शिक्षा मिले इसके लिए पन्द्रह महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोले गए है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को शिक्षा प्रदान करवाने के प्रति जागरुक हो। लोढ़ा ने कहा कि विधायक निर्वाचित होने के बाद से उन्होंने जनता से जो भी विकास के जो भी वादे किए थे, उन्हें पूरा करने में कोई कोर कसर नहीं रखी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिरोही जिले में विकास के लिए इतनी सौगातें दी है जितनी पिछले 70 सालों में सिरोही को नहीं मिली। विधायक ने कहा कि आप सभी के सहयोग से विकास की इस गति को आगे भी निरंतर बनाए रखेंगे।इससे पूर्व विधायक के चोटिला भागली पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल ढमाकों के साथ उनका परंपरागत रूप से स्वागत किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक विधायक को 11 किलो का पुष्पहार तथा साफा पहनाकर स्वागत किया तथा महिलाओं ने मंगलगीत गाए। इस अवसर पर आयोजित समारोह में सरपंच प्रतिनिधि प्रियवृतसिंह, पूर्व सरपंच रामसिंह राजपुरोहित, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रताराम देवासी, पूर्व सरपंच पन्नाराम, जिला परिषद सदस्य रतनाराम अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यकम में मगाराम राडबर, प्रभूराम, गोपालाराम, रामाराम देवासी, मणकाराम देवासी, कानसिंह राठौड, हडमतसिंह सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
