सिरोही /राजस्थान ।
बालिकाओं को मिली एक ओर सौगात,
सिरोही में चार करोड़ की लागत से बनेगा बालिका खेल छात्रावास ।
विधायक लोढ़ा के प्रयासों से जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास की वित्तीय स्वीकृति के बाद अब नवीन बालिका खेल छात्रावास की मिली स्वीकृति_ सिरोही(हरीश दवे) मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा की ओर से बालिकाओ के उन्नयन के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत राज्य सरकार की ओर से शिवगंज एवं सिरोही जिला मुख्यालय पर जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास निर्माण की स्वीकृति मिलने के एक ही दिन बाद बालिकाओं को एक ओर सौगात मिली है। सरकार ने जिला मुख्यालय पर जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की ओर से करीब चार करोड़ रूपए की लागत से नवीन बालिका खेल छात्रावास का निर्माण करवाने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। यह खेल छात्रावास मांडवा के समीप बन रहे स्टेडियम परिसर में ही निर्मित करवाया जाएगा। जिसका लाभ सभी बालिकाओ को मिलेगा।जानकारी के अनुसार जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग उदयपुर के अतिरिक्त आयुक्त द्वितीय की ओर से विभाग के आबूरोड उपायुक्त को जारी आदेश में बताया है कि संविधान की धारा 275 (1) मद के अंतर्गत शासन से अनुमोदन के पश्चात सिरोही जिला मुुख्यालय पर करीब चार करोड़ रूपए की लागत से एक सौ बालिकाओं की क्षमता वाले नवीन बालिका खेल छात्रावास के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जाती है। इस कार्य के लिए स्वच्छ परियोजना को कार्यकारी एजेंसी मनोनित किया गया है। आदेश में बताया गया है कि तकमीने निर्माण का कार्य खेल विशेषज्ञ की देखरेख में मानक मापदंडों के अनुसार तैयार किया जाए।गौरतलब है कि विधायक संयम लोढ़ा के प्रयासों के चलते सरकार ने बुधवार को शिवगंज एवं सिरोही में जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास के निर्माण की वित्तीय स्वीकृति जारी की है। इसके लिए क्रमश: 2 करोड़ 84 लाख 81 हजार तथा 2 करोड़ 84 लाख 77 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। शिवगंज में बनने वाला जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय भवन जहां वर्तमान में कन्या महाविद्यालय संचालित हो रहा है। उसमें खाली पड़ी भूमि पर निर्मित करवाया जाएगा। इसी प्रकार सिरोही में स्काउट कार्यालय के समीप निर्मित करवाया जाएगा। इन छात्रावास भवन निर्माण के लिए बुधवार को विधायक ने अधिकारियों के साथ भूमि का मौका देखा तथा आवश्यक निर्देश दिए। संभावना है कि यह दोनों कार्य एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ कर दिए जाएंगे।
रिपोर्ट हरिश दवे
