एनपीएस की राशि लौटाने की मांग ।
सिरोही , राजस्थान ।
राजस्थान समग्र शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं एकीकृत कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉक्टर उदय सिंह डिगार ने महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं पीएफआरडीए के चेयरमैन को पत्र प्रेषित कर राजस्थान के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन से की गई न्यू पेंशन स्कीम अंतर्गत अशंदान की राशि तत्काल लौटाने की मांग की है। उन्होंने भेजे ज्ञापन में बताया कि प्रदेश में 1 जनवरी 2004 से नई पेंशन स्कीम लागू की गई थी, जिसे वर्तमान में सरकार द्वारा बंद कर पुन: पुरानी पेंशन लागू कर दी गई है। राजस्थान सरकार के वित्त विभाग की अधिसूचना दिनांक 19 मई 2022 द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए जा चुके हैं। अत्यंत खेद का विषय है कि 1 जनवरी 2004 से लेकर 19 मई 2022 के मध्य नियुक्त न्यू पेंशन स्कीम के कर्मचारियों से अंशदान के रूप में वेतन से की गई कटौती की राशि पेंशन निधि विनियामक प्राधिकरण पीएफआरडीए द्वारा राजस्थान सरकार को अभी तक नहीं लौटाई जा रही है, जो उचित नहीं है। डिगार ने बताया कि कर्मचारियों के स्वयं के वेतन से कटौती कर 10% की राशि अंशदान के रूप में राज्य सरकार द्वारा पीएफआरडीए में जमा करवाई गई थी, अब पुरानी पेंशन पद्धति पुनः लागू की जा चुकी है, ऐसे में इन कर्मचारियों के वेतन से पूर्व में अंशदान के रूप में की गई कटौती राशि कर्मचारियों एवं शिक्षकों की है, जो उन्हें तत्काल लौटाई जानी चाहिए। इस संबंध में शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हित में उक्त राशि के लौटाने की कार्रवाई शीघ्र नहीं होने पर शिक्षकों एवं कर्मचारियों के नेता डॉक्टर उदय सिंह डिगार ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है।।
