सिरोही/राजस्थान ।
विधायक लोढा के हस्तक्षेप के बाद पेट्रोल पंप की एनओसी रद्द।
नगर परिषद द्वारा जारी भु उपयोग परिवर्तन की एनओसी की आयुक्त ने निरस्त।
सीएम सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा की मौजूदगी व सभापति महेंद्र मेवाड़ा की गैर मौजूदगी में गत 2 नवंबर को हुई नगर परिषद की आपात हंगामाखेज बैठक में लिए गए प्रस्ताव को डीएलबी विभाग ने अनुमोदित कर दिया है। जिसके बाद नगर परिषद ने अनादरा चौराहे के पास बन रहे विवादित पेट्रोल पंप का भू उपयोग परिवर्तन निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस बारे में विधायक संयम लोढ़ा ने बैठक में ही साफ कर दिया था कि चाहे कोई भी हो उसे शहर के मास्टर प्लान से छेड़छाड़ की अनुमति किसी भी सूरत में नहीं दी जा सकती है। विधायक ने कहा कि शहर की सुंदरता बरकरार रखने और शहर के मास्टर प्लान के अनुसार चहुमुखी विकास को लेकर प्रदेश सरकार और सभी स्थानीय एजेंसियां गंभीर है और उसी के अनुरूप शहर का विकास किया जाएगा। विधायक संयम लोढा के हस्तक्षेप के बाद नगर परिषद की ओर से भेजे गए प्रस्ताव का डीएलबी विभाग ने अनुमोदन कर दिया है। अनुमोदन की फाइल नगर परिषद पहुंचने के बाद नगर परिषद की ओर से विवादित पेट्रोल पंप का भू-उपयोग परिवर्तन निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। आयुक्त अनिल झिंगोनिया ने कहा कि नगर परिषद की ओर से भू- उपयोग परिवर्तन के लिए दी गई एनओसी को निरस्त कर दिया गया है। जिसके बाद अब यह भूखंड पहले ही भांति आवासीय ही रहेगा। नगरपरिषद की ओर से जारी भू उपयोग परिवर्तन निरस्त करने के पीछे तीन प्रमुख बिंदु बताए गए हैं। जिसमें लिखा गया है कि इस पेट्रोल पंप से दो किलोमीटर की दूरी पर पहले से तीन पेट्रोल पंप स्थित है। निर्माणाधीन पेट्रोल पंप राष्ट्रीय राजमार्ग और सड़क इंटरसेक्शन पर स्थित है इस स्थिति में पीडब्लूडी और एनएचएआई से एनओसी लेना जरूरी था। लेकिन संचालक आकाश मीणा ने एनओसी लिए बिना ही निर्माण कार्य चला रखा है। तीसरे बिंदु में लिखा गया है कि निर्माणाधीन पंप के नक्शे के अनुसार पंप के प्लाट का उपविभजित भाग आवासीय ही है। इन बिंदुओं के आधार पर एनओसी निरस्त कर दी गई है।
रिपोर्ट हरिश दवे
