मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु चलेगा “हमारा स्वास्थ्य हमारी जिम्मेदारी” अभियान ।
जिला प्रशासन के निर्देशन में 14 से 28 नवंबर तक चलेगा अभियान ।
बारिश के मौसम के पश्चात मच्छर जनित बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है, इसको लेकर प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाती है, ताकि मच्छरों के ट्रांसमिशन की श्रृंखला को तोड़ा जा सके। इसी को लेकर राज्य सरकार के निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री कालुराम खौड़ की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में बैठक आयोजित हुई।
एडीएम ने बताया कि सिरोही जिले में स्वास्थ्य विभाग के साथ ही अंतर विभागीय सहयोग से 14 नवंबर से 28 नवंबर 2022 तक चलाए जाने वाले “हमारा स्वास्थ्य हमारी जिम्मेदारी” अभियान का द्वितीय चरण चलाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ ही स्थानीय निकाय, मेडिकल कॉलेज, नागरिक सुरक्षा, पशुपालन विभाग, आयुर्वेद, पंचायती राज, समाज कल्याण, शिक्षा विभाग, शहरी विकास, आवासन मंडल सहित अन्य विभागों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि डेंगू मलेरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों का वाहक मच्छर होता है मच्छर के काटने से अमूमन यह बीमारियां फैलती है। इसलिए इन बीमारियों को फैलने से पूर्व रोकने के लिए मच्छर पनपने के सोर्स को नष्ट करना अहम होता है, ताकि मच्छरों के लार्वा को पहले ही एंटी लार्वा गतिविधियां करके समाप्त किया जा सकता है।
14 नवंबर से 28 नवंबर 2022 तक संचालित होने वाले “हमारा स्वास्थ्य हमारी जिम्मेदारी” अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत मच्छरों पर हल्ला बोल अभियान जारी रखते हुए सर्वे, स्क्रीनिंग, आईईसी एवं एंटी लार्वा गतिविधियां की जाएगी। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विवेक कुमार ने बताया कि मौसमी व मच्छर जनित बीमारियों पर अंकुश लगाने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी मच्छरों को पनपने से रोकना है इसलिए हमें अपने घर से शुरूआत करते हुए मच्छरों के पनपने के सोर्स को खत्म करना होगा। इसके लिए घर में रखे गमले, मटके, छतों पर अनावश्यक पड़े टायर, कबाड़ आदि में मच्छर पनपते हैं। बेम्बू, बोतल आदि में लगे पौधों में भी लार्वा पैदा हो जाते हैं, इनके पानी को सप्ताह में दो बार अवश्य बदलकर सहयोग प्रदान करे। इस बैठक में जिला एपिडेमियोलॉजीस्ट धनीराम झा, डीपीएम नरेश कुमार, यूपीएम मानसिंह, पीएचएम दिलावर खाँ व जिले समस्त बीसीएमओ व जिले सभी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट हरिश दवे
