V24 न्यूज चैनल नेटवर्क, ।
समाज में शिक्षा से ही विकास संभव : लोढ़ा
शिवगंज(हरीश दवे)- मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि किसी भी समाज का विकास शिक्षा से ही संभव है। देवासी समाज में शिक्षा को लेकर बढ़ती जागरुकता की वजह से ही समाज में काफी बदलाव देखने को मिला है। विधायक लोढ़ा बुधवार को वेरा रामपुरा गांव में देवासी समाज की ओर से आयोजित द्वारका एवं गंगाप्रसादी महोत्सव को संबोधित कर रहे थे।इस मौके पर विधायक ने कहा कि देवासी समाज से हमेशा से ही उनका समीप का रिश्ता रहा है। जब वे पहली बार विधायक बने थे, तो यहां पहली बार देवासी समाज के विकास अधिकारी को पंचायत समिति में तैनात करवाया था। इसकी प्रमुख वजह यह थी कि वे यह चाहते थे कि यहां के देवासी समाज के लोग यह देख सके कि उनके समाज में भी काबिल अफसर हो सकते है। उनसे प्रेरित होकर देवासी समाज के लोग भी अपने बच्चों को उच्च शिक्षा प्रदान करवाए ताकि वे भी आगे चलकर उच्च पद हासिल कर सके। विधायक ने कहा कि आज देवासी समाज में भी शिक्षा को लेकर रूझान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही समाज में बदलाव संभव है। शिक्षा से ही समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर किया जा सकता है। विधायक लोढा ने कहा कि आज हम जो कुछ भी है वह इस समाज की बदौलत है। हमें जो कुछ भी मिला है वह इसी समाज से मिला है। ऐसे में आवश्यकता इस बात की है कि हम भी समाज के लिए अपना योगदान करें।इस मौके पर उन्होंने महोत्सव आयोजक परिवार का आभार प्रकट करते हुए देवासी समाज के लोगों को शुभकामनाएं दी।देवासी समाज के धीराराम देवासी ने बताया कि देवासी समाज की ओर से आयोजित द्वारका व गंगाप्रसादी महोत्सव के दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत मंगलवार को भजन संध्या का आयोजन किया गया था। दूसरे दिन महाप्रसादी का आयोजन किया गया है। इससे पूर्व विधायक लोढ़ा के वेरारामपुरा गांव पहुंचने पर देवासी समाज के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर विधायक को २१ किलो के फूलों का हार तथा देवासी समाज की पाग व दुपट्टा भी पहनाया गया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
