शिवगंज /राजस्थान , (हरीश दवे)
विधायक ने लाभार्थियों को किया पट्टों का वितरण ।
नगर पालिका ने अब तक १ हजार ६०१ प्राप्त आवेदनों में से १ हजार ४१० आवेदनों का किया निस्तारण ।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार विगत २ अक्टूबर से चलाए जा रहे प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत शुक्रवार को पालिका की ओर से नेहरु नगर में शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विधायक संयम लोढ़ा ने करीब २६ लाभार्थियों को पट्टों का वितरण किया। इस मौके पर विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत सरकार की ओर से १० लाख लोगों को पट्टे जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे सरकार की ओर से चलाए जा रहे इन शिविरों का लाभ उठाए। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों से नागरिकों के लंबित कार्यो का त्वरित निराकरण करने के भी निर्देश दिए। शिविर के दौरान विधायक लोढ़ा एवं पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची ने करीब २६ लाभार्थियों को ६९-ए, स्टेट ग्रांट एक्ट, पूर्व में जारी पट्टों के समर्पण में नए पट्टे जारी करने, कच्ची बस्ती तहत पट्टे, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टों का वितरण किया।अधिशासी अधिकारी नीलकमलसिंह राणावत ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर २ अक्टूबर से चलाए जा रहे प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत अब तक विभिन्न तरह के पट्टों के लिए कुल १ हजार ६०१ आवेदन प्राप्त हुए है। जिनमें से अभी तक १ हजार ४१० आवेदनों का निस्तारण कर दिया गया है। इसमें से ३२ आवेदन अस्वीकृत किए गए है। जबकि शेष रहे १५९ आवेदनों का भी शीघ्र ही निस्तारण किया जाएगा।
